19 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

2027 चुनाव से पहले मायावती का बड़ा फैसला, सतीश चंद्र मिश्रा को सौंपी नई जिम्मेदारी

UP Assembly Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की जिम्मेदारी बढ़ाते हुए उन्हें चुनाव आयोग संबंधी कार्यों से जुड़ी नई जिम्मेदारी सौंपी है। 2027 चुनाव की तैयारी में BSP अपनी रणनीति तेज करते हुए ब्राह्मणों को साधने में जुट गई है...
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Mohsina Bano

Aug 19, 2026

BSP Chief Mayawati, Satish Chandra Mishra, BSP, UP Assembly Election 2027

मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा को सौंपी चुनाव आयोग की जिम्मेदारी (फोटो- पत्रिका)

BSP Chief Mayawati: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। संगठन को मजबूत करने और प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा को एक नई और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। ब्राह्मण समाज से आने वाले दिग्गज नेता सतीश चंद्र मिश्रा अब लीगल और मीडिया के साथ-साथ चुनाव आयोग सम्बंधी कार्यों से जुड़े सभी अहम काम भी संभालेंगे।

ब्राह्मणों को फिर से साधने की रणनीति

मायावती ने बताया कि बसपा ने सर्वसमाज और खासतौर पर ब्राह्मण समाज को फिर से पार्टी से जोड़ने और उन्हें चुनाव में उम्मीदवार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने इसे साल 2007 की तरह उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की रणनीति का अहम हिस्सा बताया है। मायावती का कहना है कि विधानसभा स्तर पर ब्राह्मण समाज के लोगों को बसपा का उम्मीदवार बनाए जाने से विरोधी पार्टियों में काफी बेचैनी और चिंता देखने को मिल रही है। उन्होंने अपने समर्थकों और बहुजन समाज के लोगों से अपील की है कि वे विरोधी दलों के सभी हथकंडों से पूरी तरह सजग और सतर्क रहें।

सतीश चंद्र मिश्रा का और बढ़ा सियासी कद

बसपा प्रमुख ने पार्टी के वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र मिश्रा की जिम्मेदारी बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान करते हुए बताया कि उन्हें अब कानूनी और मीडिया मामलों के साथ चुनाव आयोग से जुड़े कामों का भी महत्वपूर्ण प्रभार दिया गया है। गौरतलब है कि सतीश चंद्र मिश्रा बहुत लंबे समय से बसपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वह मायावती सरकार में उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता और कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष और पार्टी के राज्यसभा सांसद भी रहे हैं।

2007 का इतिहास दोहराना चाहती हैं मायावती

मायावती के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग से जुड़े सभी मामलों में सतीश चंद्र मिश्रा की भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होगी। चुनावी प्रक्रिया कानूनी दांवपेच और मीडिया मैनेजमेंट के साथ अब वह चुनाव आयोग से संबंधित मोर्चे पर भी पार्टी का मजबूती से पक्ष रखेंगे। बसपा प्रमुख ने साफ किया है कि पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर लगातार अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की घोषणा से लेकर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का काम बहुत तेजी से जारी है। पार्टी का एकमात्र लक्ष्य सर्वसमाज में अपना जनाधार बढ़ाकर 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।