
अलीगढ़। साइंस की दुनिया और सरकारी अस्पताल का बर्न वार्ड अंधविश्वास में डूबा है। मरीज और तीमारदारों को यहां भूत का डर सता रहा है। मरीज के चारों ओर नीम की पत्तियां लगाकर चिकित्सकों से हटकर तीमारदार इलाज से लेकर भूतों से बचाव कर रहे हैं। यह हालात हैं अलीगढ़ के जिला अस्पताल के हालांकि सीएमएस सभी की काउंसलिंग की बात कह रहे हैं।
क्या है मामला
अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों पर परछवाई 'भूत' का साया मंडरा रहा है, जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों ने अपने बेड के पायों पर नीम की पत्तियों का गुच्छा बांध लिया है। मरीजों ने मान लिया है कि आग का शिकार हुए लोगों को परछाई आसानी से शिकार बना रही है। अस्पताल के सीएमएस ने कहा है कि यह कोरा अंधविश्वास है हम मरीजों की काउंसलिंग करेंगे।
दरअसल जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में कुछ दिन पहले अकराबाद इलाके से आग का शिकार हुआ एक मरीज आया था, उस मरीज के परिजनों ने उसके बेड के आसपास पायों पर नीम की पत्तियां बांध दीं, इसके बाद अन्य भर्ती मरीजों ने भी पूछा कि ऐसा क्यों किया है, तो मरीज के परिजनों ने बताया कि जले हुए आदमी को भूत आसानी से शिकार बना लेता है। इस बात को सुनकर अन्य मरीजों के परिजनों ने भी उनके मरीजों के बेड के पायों पर नीम की पत्तियां बांध दीं। पिछले कुछ दिनों से वार्ड में भूत को लेकर ही चर्चा हो रही है, वार्ड में भर्ती बब्बू, देवेंद्र, राधेश्याम जैसे मरीज और तीमारदारों ने बताया कि सुनकर हमने भी ऐसा कर दिया है, अब वहम हो या कुछ और ऐसा करने में कुछ खर्चा भी तो नहीं लग रहा है।
सीएमएस कराएंगे काउंसलिंग
वहीं इस पूरे मामले पर जिला अस्पताल के सीएमएस ने कहा कि यह पूरी तरह से अंधविश्वास है मेडिकल साइंस ऐसी किसी भी धारणा को नहीं मानता है। जिन मरीजों के परिजनों को ऐसा लग रहा है तो हम उनकी काउंसलिंग कराएंगे। हालांकि यह भी बात सच है कि नीम की पत्तियां काफी सारी संक्रमण बीमारियों से बचाती हैं और अंधविश्वास में डूबे लोग कई सारी संक्रमण बीमारियों को भूत-प्रेत का नाम दे देते हैं।