Saas-Damad Run Away Case Update: दामाद के साथ पति-पत्नी की तरह रही सास के बयान के बाद अब शख्स ने खुलकर अपनी बात कही है। पढ़िए मामले में क्या अपडेट सामने आया है?
Saas Damad Love Story Case Update: अलीगढ़ के चर्चित सास-दामाद मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। करीब 10 महीनों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहने वाले दोनों लोग अब एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। यह मामला अब प्रेम, भरोसे, धोखे और प्रताड़ना के दावों के बीच उलझता नजर आ रहा है। इस पूरे प्रकरण में दामाद राहुल ने खुलकर अपनी बात सामने रखी है।
राहुल का कहना है कि वह और महिला पहले सीतामढ़ी जिले के बेला थाना इलाके में साथ रह रहे थे। उसके मुताबिक, यह बात वहां मौजूद लोगों को भी पता थी और उन्होंने किसी से कुछ भी नहीं छुपाया था। राहुल का कहना है कि एक दिन शाम करीब साढ़े 8 बजे वह घूमने के लिए घर से निकला था। उसके जाने के लगभग एक घंटे बाद महिला भी वहां से चली गई, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
राहुल का आरोप है कि महिला घर से नकद करीब 2 लाख रुपये, मंगलसूत्र और 2 अंगूठियां साथ ले गई। उसका कहना है कि उसकी पूरी जमा-पूंजी और जेवर लेकर महिला चली गई और अब उल्टा उसी पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही राहुल ने यह भी दावा किया है कि महिला के कुछ रिश्तेदार जिनमें उसका जीजा, बहन और पूर्व पति शामिल हैं, इस पूरे मामले में भूमिका निभा सकते हैं। राहुल के मुताबिक, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उसका कहना है कि उस पर मामला दर्ज कराकर जेल भिजवाने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, बातचीत के दौरान राहुल ने साफ किया कि अगर वह दोषी पाया जाता है, तो उसे सजा मिलने पर कोई आपत्ति नहीं है।
राहुल की मांग है कि उसे इस रिश्ते से छुटकारा जल्द से जल्द मिले। राहुल का कहना है, ''चाहे जो सजा दे दो लेकिन मुझे बस उससे छुटकारा मिल जाए।''
बता दें कि 10 महीने तक दामाद के साथ पति–पत्नी की तरह रहने वाली सास ने भी दामाद पर गंभीर आरोप लगाए। थाने में पहुंचकर महिला ने साफ शब्दों में कहा, '' मैं किसी के साथ भागी नहीं और मुझ पर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।'' उसने बताया कि शुरूआत में हालात सामान्य थे, लेकिन करीब 1 महीने बाद सब कुछ बदल गया। महिला के मुताबिक, पहले महीने तक राहुल ने उसे ठीक तरह से रखा, लेकिन इसके बाद वह उसे बंधक की तरह रखने लगा।
महिला का आरोप है कि उसे कहीं आने-जाने नहीं दिया जाता था और जबरन नशीली दवाइयां तक खिलाई जाती थीं। उसने यह भी कहा कि इस दौरान उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। सास का दावा है कि वह अपने साथ जो नकदी और जेवर लेकर गई थी, वह सब दामाद ने ही खर्च कर दिया।