वीडियो में देखें चपरासी की करतूत। चपरासी की करतूत सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है।
अलीगढ़। जिले में एक सरकारी चपरासी का घृणित वीडियो सामने आया है। चपरासी की हरकत को देखकर आप चौंक जाएंगे। उसकी ये हरकत सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच बैठा दी गई है। चपरासी का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अफसर को थूककर पानी पिलाया
मामला पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। जनपद में तैनात एक न्यायिक अफसर के पीने का पानी कार्यालय में बोतल में रखा जाता है। चपरासी इसी बोतल से पानी गिलास में भरकर अफसर को देता था। न्यायिक अधिकारी के मुताबिक एक रोज चपरासी की हरकतें देखकर कुछ गलत होने का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय के टेबल पर मोबाइल कैमरा लगवा दिया। कैमरा इस तरह लगाया गया कि किसी को दिखाई ना दे। कैमरे में चपरासी की हरकत कैद हो गई। 2 मिनट 18 सेकंड के इस वीडियो को जब अफसर ने देखा तो चौंक गए। चपरासी ने बोतल से गिलास में पानी डाला फिर कुछ क्षण रुक कर उसमें थूक दिया, फिर यही पानी अदालत में सुनवाई कर रहे न्यायिक अफसर को देने के लिए चला गया।
चपरासी को किया निलंबित
चपरासी का य वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद आरोपी चपरासी को निलंबित कर दिया गया है। उसे नोटिस भी भेजा गया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं चपरासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कवायद भी चल रही है। हालांकि चपरासी ने ऐसा क्यों किया? यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
हिमाचल प्रदेश में भी आया था कुछ ऐसा ही मामला
आपको बता दें कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां न्यायिक अफसर ने शक होने पर बोतल से भरे पानी की जांच कराई थी। उसमें यूरिन मिले होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद चपरासी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। चपरासी का यह शर्मनाक कृत्य का वीडियो वायरल हो रहा है। उसकी हरकत देखकर सभी हैरान हैं।