
अलीगढ़। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में बवाल हुआ था। पथराव और फायरिंग के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई की। अब पिछले तीन दिन से पुलिस की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने अलीगढ़ में इंटरनेट सेवा गुरुवार रात्रि 10 बजे तक बंद कर दी है। नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के स्कूलों में 20 दिसम्बर तक छुट्टी है। प्रशासन ने सभी कॉलेज और कोचिंग भी शुक्रवार तक बंद करने का आदेश जारी किया है।
यह भी पढ़ें
15 दिसम्बर को हुआ था बवाल
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 15 दिसम्बर को छात्र तब हिंसक हो गए थे जब उन्हें पुलिस ने विवि परिसर से बाहर आने पर रोका। बाब-ए-सैयद गेट पर छात्रों ओर पुलिस में भिड़ंत हो गई। छात्रों की ओर से पथराव और फयरिंग की गई। पुलिस ने भी इसका जवाब दिया। अश्रु गैस के गोले दागे। पानी की बौछार से प्रहार किया। पुलिस ने इस दौरान 26 छात्रों को गिरफ्तार किया था, लेकिन उन्हें अगले दिन ही छोड़ना पड़ा। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पांच जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सभी छात्रावास खाली करा लिए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई का विरोध
मुस्लिम बहुल मोहल्लों में पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया जा रहा है। सराय रहमान, दोदपुर, जीवनगढ़, जमालपुर, मेडिकल रोड पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। अब महिलाएं आगे आ रही हैं। अच्छी बात यह है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो रहे हैं। महिलाओं ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की कोठी घेरने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से ऐसा हो न सका।
पांचवे दिन भी प्रदर्शन होंगे
आज पांचवें दिन भी प्रदर्शन किए जा सकते हैं। इसके चलते अलीगढ़ में हाई अलर्ट है। जिलाधिकारी के आदेश पर इंटरनेट सेवा गुरुवार को रात्रि 10 बजे तक बंद रहेगी। एक-एक दिन करके इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश दिया जा रहा है। अलीगढ़ में महिलाओं को आगे करने पर प्रशासन सकते में है। अगर महिलाएं उग्र प्रदर्शन करती हैं तो पुलिस-प्रशासन अधिक सख्ती नहीं कर सकता है।