अलीगढ़

बदल सकता है अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम, मनोज सिन्हा ने दिया बड़ा बयान

रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा नेे कहा कि अगर उत्तर प्रदेश सरकार प्रस्ताव भेजेगी तो रेल मंत्रालय अलीगढ़ स्टेशन का नाम बदलने पर विचार करेगा।

2 min read
Jun 13, 2018
बदल सकता है अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम, मनोज सिन्हा ने दिया बड़ा बयान

अलीगढ़। जनसंपर्क अभियान के तहत रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा गूलर रोड स्थित विनोद सिंघल के यहां हुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, संपर्क और संवाद भारतीय जनता पार्टी की पुरानी परंपरा है। उन्होंने कहा कि यह चुनावी वर्ष है इसलिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। चार वर्ष केंद्र सरकार के पूरे होने पर मोदी सरकार की उपलब्धियों को समाज के प्रबुद्ध लोगों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

video: पीयूष गोयल ने यात्रियों के लिए लॉन्च किये ये दो मोबाइल एप, जानिए खासियत

रेल राज्यमंत्री ने कहा कि जन चौपाल कार्यक्रम के तहत 16537 ग्राम पंचायतों में सरकार के कार्यक्रमों को बताया गया है, इसके तहत दलित के घर खाने का कोई कार्यक्रम नहीं था लेकिन वह समाज के लोग हैं और सामाजिक समरसता के तहत भाजपा दीनदयाल उपाध्याय के राजनीतिक फिलॉसफी को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जो समाज की मुख्य विकास की धारा से छूट गए हैं उनको आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। वहीं अखिलेश यादव के सरकारी मकान में तोड़ फोड़ करने पर राज्यपाल के पत्र लिखने के सवाल पर कहा कि वे उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर हैं और अगर उन्होंने कुछ लिखा है तो सही लिखा होगा, उस पर प्रतिक्रिया नहीं दी जा सकती।

बदल सकता है अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम

कैराना और नूरपुर की हार पर रेल राज्यमंत्री बोले कि पार्टी इस पर विचार मंथन कर रही है, लेकिन उपचुनाव के परिणाम देश की राजनीति की दिशा तय नहीं करते। अलीगढ़ स्टेशन का नाम बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह एक विधिक प्रक्रिया है। राज्य सरकार अगर संस्तुति करती है और रेलवे अनापत्ति प्रमाण पत्र के साथ गृह मंत्रालय को भेजता है तो नाम बदलने का काम गृह मंत्रालय करता है। अगर उत्तर प्रदेश सरकार प्रस्ताव भेजेगी तो रेल मंत्रालय इस पर विचार करेगा।

Updated on:
13 Jun 2018 06:07 pm
Published on:
13 Jun 2018 04:25 pm
Also Read
View All