रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार आज शाम अलीगढ़ में होगा।
Rinku Singh Father Passed Away: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार आज शाम को होगा। सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि पार्थिव शरीर को क्वार्सी थाना क्षेत्र के शंकर विहार स्थित श्मशान घाट ले जाया जाएगा। वहां शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरा परिवार इस दुख भरे पल में एक साथ है। रिंकू सिंह के भाई, रिश्तेदार और गांव वाले अंतिम विदाई के लिए इंतजार कर रहे हैं। अस्पताल से पार्थिव शरीर को अलीगढ़ लाया गया है और अब अंतिम यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं।
पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया से अलग होकर घर की ओर रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक, वे चेन्नई से अलीगढ़ के लिए निकल चुके हैं। रिंकू कुछ दिन पहले ही पिता की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे थे। बाद में वे टीम में वापस लौटे थे, लेकिन पिता के जाने के बाद अब वे परिवार के साथ हैं। फैंस और टीम इंडिया के साथी रिंकू को ढेर सारा प्यार और समर्थन दे रहे हैं।
रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज, जो मछलीशहर से लोकसभा सांसद हैं, कई दिनों से रिंकू के परिवार के साथ मौजूद हैं। प्रिया ने पिता के इलाज के दौरान भी अस्पताल में काफी समय बिताया। परिवार के इस दुख में वे लगातार साथ खड़ी हैं। प्रिया और रिंकू की शादी जून 2026 में होने वाली है। प्रिया का परिवार भी इस मुश्किल वक्त में रिंकू के परिवरा के साथ हैं।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर रिंकू के लिए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने ट्वीट किया कि खबर सुनकर दिल टूट गया। ऐसे वक्त में कोई भी शब्द काफी नहीं लगता। इस मुश्किल समय में मैं आपके साथ हूं। उम्मीद है कि आपको अपने आस-पास के प्यार और लोगों से हिम्मत और ताकत मिलेगी। युवराज का यह संदेश रिंकू के लिए बहुत मायने रखता है। दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे को अच्छे से जानते हैं और क्रिकेट के मैदान पर साथ खेल चुके हैं।
रिंकू सिंह के पिता की मौत पर पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। बीसीसीआई, खिलाड़ी और फैंस ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। खानचंद सिंह ने गरीबी में रहकर भी रिंकू को क्रिकेट सिखाया और सपने पूरे करने में मदद की।