
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट Ai
अलीगढ़ में निर्माण कार्य के दौरान एक बेहद खतरनाक हादसा सामने आया। जहां ऊपर से गिरा सरिया एक युवक के सीने को चीरता हुआ आर-पार निकल गया। हालत इतनी गंभीर थी कि उसे सीधे एंबुलेंस में लिटाना भी संभव नहीं हो सका। मौके पर मौजूद टीम ने सरिया काटकर छोटा किया और फिर युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन की तैयारी की।
अलीगढ़ के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित ओजोन सिटी में एक निर्माणाधीन इमारत पर काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां काम कर रहे एक युवक के सीने में ऊंचाई से गिरा लंबा सरिया आर-पार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूर तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े।
बताया जा रहा है कि जाकिर नाम का युवक, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। पिछले कुछ महीनों से इस साइट पर काम कर रहा था। हादसे के वक्त वह बिल्डिंग के नीचे खड़ा था, तभी ऊपर से करीब 10 फीट लंबा सरिया अचानक गिरा और उसके सीने के बाईं ओर से आर-पार निकल गया। चोट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और दर्द से चिल्लाने लगा।
घटना की सूचना तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई, लेकिन सरिया लंबा होने की वजह से घायल को स्ट्रेचर पर ठीक से लिटाना संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में एंबुलेंस स्टाफ ने मौके पर ही सरिया काटने का फैसला लिया। कटर मंगवाकर सरिया का एक बड़ा हिस्सा अलग किया गया। जिससे उसे अस्पताल ले जाना आसान हो सका।
इसके बाद युवक को सावधानी से एंबुलेंस में रखा गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। डॉक्टरों ने यह सुनिश्चित किया कि सरिया दिल या अन्य महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान तो नहीं पहुंचा रहा है। जांच में राहत की बात यह रही कि सरिया पसलियों के बीच से होकर निकला था और कोई हड्डी नहीं टूटी थी। डॉक्टरों के अनुसार, इस तरह के मामलों में ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण होता है। पहले सरिया को धीरे-धीरे काटकर छोटा किया गया, फिर सावधानीपूर्वक ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी थोड़ी देर से मिली, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई है। वहीं युवक की उम्र को लेकर भी अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। फिलहाल घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए है।
Published on:
13 Apr 2026 11:25 pm
बड़ी खबरें
View Allअलीगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
