Sub Inspector Suspended Before Wedding : अलीगढ़ एसएसपी ने एक सब-इंस्पेक्टर को शादी से ठीक 7 दिन पहले संस्पेंड कर दिया है। महिला सिपाही ने दरोगा पर कई आरोप लगाए हैं।
अलीगढ़: जिले में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर को शादी से ठीक एक सप्ताह पहले निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई उस समय हुई जब एक महिला सिपाही ने एसएसपी से मिलकर दरोगा पर अश्लील संदेश भेजने और अकेले मिलने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने प्राथमिक जांच के आधार पर दरोगा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
क्वार्सी थाने में तैनात महिला सिपाही शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और चंडौस थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर विनेश वर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उसके अनुसार, करीब एक महीने पहले ड्यूटी के दौरान मुलाकात के बाद दरोगा ने उसका मोबाइल नंबर लिया और बातचीत शुरू की।
महिला सिपाही का आरोप है कि शुरुआती बातचीत सामान्य थी, लेकिन बाद में दरोगा ने अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए और अकेले मिलने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर कथित तौर पर धमकियां दी गईं। उसने कहा कि लगातार कॉल और मैसेज से परेशान होकर उसे वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करनी पड़ी।
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया और दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी गई है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, विनेश वर्मा मूल रूप से मेरठ के मवाना क्षेत्र का रहने वाला है और 2023 बैच का सब-इंस्पेक्टर है। उसकी पहली पोस्टिंग मार्च 2024 में कोतवाली चंडौस में हुई थी। 21 फरवरी को उसकी शादी तय है।
इससे पहले नवंबर 2025 में उस पर एक युवक से मुकदमा दर्ज न करने के बदले 5 हजार रुपये लेने का आरोप लगा था, हालांकि उस मामले में जांच में आरोप प्रमाणित नहीं हुए थे।
विनेश वर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उसने कोई आपत्तिजनक संदेश नहीं भेजा। उसके मुताबिक, शादी से पहले उसे बदनाम करने और समारोह में व्यवधान डालने की साजिश रची जा रही है। उसने कहा कि वह हर तरह की जांच में सहयोग करेगा। फिलहाल, पुलिस विभाग की आंतरिक जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।