अलीगढ़

Surendra Diler Minister: कौन हैं सुरेंद्र दिलेर? दादा-पिता रहे सांसद, खुद बने मंत्री, अब बाउंड्री फांदकर कॉलेज पहुंचने पर चर्चा में

Surendra Diler Political Career: यूपी के राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर अलीगढ़ के सरकारी इंटर कॉलेज की बदहाली देखने बाउंड्री फांदकर पहुंचे। जानिए कौन हैं सुरेंद्र दिलेर, उनका राजनीतिक सफर और तीन पीढ़ियों से जुड़े उनके परिवार की सियासी विरासत।
3 min read
Sep 01, 2026
Surendra Diler Surendra Diler Biography Surendra Diler Political Career
सुरेंद्र दिलेर

Who is Surendra Diler: सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन अलीगढ़ के सालपुर में रविवार को मामला कुछ अलग नजर आया। ग्रामीणों ने सरकारी इंटर कॉलेज की बदहाली की शिकायत की तो राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर खुद हालात देखने पहुंच गए। कॉलेज का मुख्य गेट बंद मिला और अंदर कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। इसके बाद मंत्री ने इंतजार करने के बजाय बाउंड्री वॉल फांदी और परिसर के अंदर पहुंच गए।

अंदर पहुंचते ही उन्हें स्कूल की ऐसी तस्वीर दिखाई दी, जिसने शिकायतों की गंभीरता सामने रख दी। कॉलेज की पांच कमरों की छतें गायब थीं, कई जगह चाहरदीवारी टूटी हुई थी और विद्यार्थियों के लिए जरूरी शौचालय तक उपलब्ध नहीं था। सबसे गंभीर बात यह रही कि स्कूल भवन के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही थी। मंत्री ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना।

कॉलेज की हालत देख अधिकारियों से मांगा जवाब

स्कूल परिसर में गंदगी और भवन की खराब स्थिति देखकर सुरेंद्र दिलेर ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य चंद्रभान सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने विद्यालय की स्थिति पर नाराजगी जताई और बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से भी पूरे मामले की जानकारी साझा की। मंत्री ने कॉलेज को पिछले 10 वर्षों में मिली सरकारी धनराशि और उसके खर्च का पूरा ब्योरा भी मांगा है। इससे अब स्कूल की बदहाली के साथ-साथ वहां हुए खर्च की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

305 छात्र पंजीकृत, रोज आते हैं 170-180

सालपुर के इस इंटर कॉलेज में कक्षा 6 से 12 तक करीब 305 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। हालांकि रोजाना औसतन 170 से 180 छात्र ही स्कूल पहुंचते हैं। कॉलेज में छह शिक्षकों की कमी भी बताई गई है। प्रधानाचार्य के अनुसार, भवन की मरम्मत और जरूरी सुविधाओं के लिए प्रस्ताव पहले ही जिलाधिकारी को भेजा जा चुका है। उनका कहना है कि बजट की कमी के कारण कई जरूरी काम नहीं हो पाए हैं। लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते विद्यालय में प्रबंधन समिति भी सक्रिय नहीं है।

कौन हैं सुरेंद्र दिलेर?

सुरेंद्र दिलेर अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं और योगी सरकार में राज्यमंत्री हैं। उनका जन्म 17 अक्टूबर 1993 को हुआ था और वे 2026 में 33 वर्ष के हैं। उनकी शिक्षा 12वीं तक हुई है। सुरेंद्र दिलेर ने सक्रिय राजनीति में 2022 के विधानसभा उपचुनाव के जरिए कदम रखा। खैर सीट से बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत दर्ज की। इसके बाद 10 मई 2026 को उन्हें योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाया गया। वह योगी सरकार के युवा मंत्रियों में शामिल हैं।

तीन पीढ़ियों से राजनीति में परिवार

सुरेंद्र दिलेर के लिए राजनीति कोई बिल्कुल नई दुनिया नहीं है। उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके दादा किशनलाल दिलेर उत्तर प्रदेश की राजनीति के चर्चित नेताओं में रहे। वे पांच बार विधायक और चार बार हाथरस से सांसद रहे थे। इसके बाद सुरेंद्र के पिता राजवीर दिलेर ने भी राजनीति में अपनी पहचान बनाई। राजवीर दिलेर ने 2017 में इगलास विधानसभा सीट पर बीजेपी को जीत दिलाई थी। 2019 में बीजेपी ने उन्हें हाथरस लोकसभा सीट से मैदान में उतारा। उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता रामजीलाल सुमन को दो लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी का टिकट नहीं मिला। इसी वर्ष उनका निधन हो गया।

पिता के बाद बेटे को मिला राजनीतिक मैदान

राजवीर दिलेर के निधन के बाद परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके बेटे सुरेंद्र दिलेर के पास आई। 2022 के विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने उन्हें खैर से मैदान में उतारा और वह पहली बार विधायक बने। करीब चार साल के राजनीतिक सफर में उनका कद तेजी से बढ़ा। मई 2026 में उन्हें योगी सरकार में राज्यमंत्री बनाया गया और बुलंदशहर का प्रभारी मंत्री भी बनाया गया।

2027 से पहले बीजेपी के लिए क्यों अहम हैं सुरेंद्र?

सुरेंद्र दिलेर को बीजेपी के युवा चेहरों में गिना जाता है। उनका राजनीतिक प्रभाव खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्हें बुलंदशहर का प्रभारी मंत्री बनाए जाने को भी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में सालपुर के सरकारी इंटर कॉलेज में बाउंड्री फांदकर पहुंचने की उनकी तस्वीर ने उन्हें एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि मंत्री के निर्देश के बाद कॉलेज की बदहाल व्यवस्था में कितना बदलाव आता है और पिछले 10 वर्षों में मिली रकम के इस्तेमाल की जांच में क्या सामने आता है।

Updated on:
01 Sept 2026 03:18 pm
Published on:
01 Sept 2026 03:18 pm
Also Read
View All
अलीगढ़ में बनेगा बसपा सुप्रीमो मायावती का मंदिर; अनुमति के लिए भेजा पत्र, मंजूरी मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य

AMU कैंपस में बिना नंबर प्लेट की कार में शराब के नशे में हंगामा, छात्रों ने युवक-युवती को किया पुलिस के हवाले

‘विपक्ष ले जाए पूरा मुस्लिम वोट, मैं खुल्लम खुल्ला हिंदूवादी नेता हूं’, यूपी के राज्यमंत्री रघुराज सिंह का बयान

‘माल खाए खसम का, गीत गावे यार के’, वंदे मातरम् का विरोध करने वालों पर भड़के योगी सरकार के मंत्री

‘मां से कोई लगाव नहीं, पापा को मारा है…फांसी दे दो’, पिता की हत्या पर बेटी ने मां के लिए मांगी सजा, पत्नी और प्रेमी को उम्रकैद