
Alirajpur Widow Assault Robbery: मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, घटना जिले के बोरी क्षेत्र की है जहां शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात एक विधवा महिला के साथ हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर सामूहिक ज्यादती करते हुए बर्बरता की और एक किलो चांदी ले उड़े। घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
अलीराजपुर जिले के बोरी क्षेत्र में एक विधवा महिला घर में अकेली रहती है। बीती रात 8 हथियारबंद बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और महिला के साथ मारपीट की। डकैतों ने महिला के साथ सामूहिक ज्यादती की और फिर उसके साथ बर्बरता की हद पार करते हुए उसके निजी अंग पर लकड़ी से गंभीर चोट भी पहुंचाई। बताया गया है कि डकैतों को संदेह था कि महिला के पास 8 किलो चांदी है, महिला ने 1 किलो चांदी डकैतों को सौंप दी थी लेकिन इसके बावजूद डकैतों ने उसके साथ सामूहिक ज्यादती व बर्बरता की।
डकैतों ने चांदी की तलाश में घर में तीन से चार जगह खुदाई भी की, लेकिन जब कुछ नहीं मिला तो डकैत महिला को घायल हालत में घर में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह अपने साथ हुई घटना की सूचना ग्रामीणों को दी जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। महिला के साथ हुई इस बर्बरता से इलाके के लोगों में आक्रोश है। एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया भी मामले की गंभीरता को समझते हुए शनिवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ निरीक्षण कर जरुरी दिशा निर्देश दिए।
विधवा महिला के साथ लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता महेश पटेल ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाला अपराध बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। आदिवासी विकास परिषद ने घटना की निष्पक्ष, त्वरित और उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इसके साथ ही संबंधित थाना प्रभारी को हटाए जाने और गंभीर घायल पीड़िता को बेहतर इलाज, सुरक्षा और आर्थिक सहायता व सरकारी योजनाओं का लाभ तुरंत दिए जाने की भी मांग की है।