अलवर नगर विकास न्यास (यूआईटी) शहर की जनता को चार किमी लंबे पहले वॉक-वे ट्रैक की सौगात देने जा रही है। इसी माह तकनीकी स्वीकृति जारी कर टेंडर किया जाएगा।
अलवर नगर विकास न्यास (यूआईटी) शहर की जनता को चार किमी लंबे पहले वॉक-वे ट्रैक की सौगात देने जा रही है। इसी माह तकनीकी स्वीकृति जारी कर टेंडर किया जाएगा। दस फीट चौड़े इस वॉक-वे की कई खूबियां होंगी। बताया जा रहा है कि मुंबई, दिल्ली, चंडीगढ़ जैसे शहरों की तर्ज पर इसे तैयार किया जाएगा।
शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम व आरआर कॉलेज में खिलाड़ियों के लिए रनिंग ट्रैक बनाए गए हैं, लेकिन जनता के लिए शहर में कोई वॉक-वे ट्रैक नहीं था। इसे देखते हुए यूआईटी ने यह प्लान तैयार किया। वॉक-वे 200 फीट बाईपास सूर्य नगर से अरावली विहार तक बनाया जाएगा। सड़क के एक साइड में 2 किमी का यह ट्रैक होगा। इस तरह दोनों साइड को मिलाकर 4 किमी लंबा होगा। इसकी चौड़ाई 10 फीट होगी। लोग इस ट्रैक पर चल सकेंगे।
साथ ही, सुबह-शाम शारीरिक अभ्यास के लिए इस पर दौड़ भी सकेंगे। सड़क के बीच में डिवाइडर होगा, जिसमें फूलदार पौधे लगाए जाएंगे। इस ट्रैक निर्माण पर 74 लाख रुपए खर्च होंगे। इसका लाभ यूआईटी की कॉलोनी सूर्य नगर, अरावली विहार फेज एक व दो, सूर्य नगर विस्तार योजना के अलावा आधा दर्जन से अधिक आसपास की कृषि कॉलोनियों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रैक फुटपाथ के रूप में भी काम आएगा।
सड़क के दोनों ओर बनने वाले वॉक-वे पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था होगी। लोग सुबह चार बजे भी आकर यहां दौड़ सकेंगे। यानी अंधेरा नहीं रहेगा। इस वॉक वे का डिजाइन बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक तरीके से तैयार किया जाएगा। जल निवासी की भी व्यवस्था होगी, ताकि इस पर किसी प्रकार की कोई फिसलन नहीं हो।
यूआईटी शहर में जनता के लिए पहला वॉक-वे बनाने जा रही है। इसकी तकनीकी स्वीकृति इसी माह पास हो जाएगी और टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। यह वॉक वे अपने में अलग होगा। कई कॉलोनियों के लोगों को लाभ मिलेगा - कुमार संभव अवस्थी, एक्सईएन, यूआईटी