अलवर

राजस्थान में यहां हवाई अड्डे की फिर चर्चा, सरकार ने एयरपोर्ट की ओर बढ़ाया कदम, मुख्यमंत्री ने की थी यह घोषणा

प्रदेश में हवाई अड्डे के निर्माण की नई उम्मीद जगी है। सरकार ने हवाई अड्डे के संबंध में प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2019, 5:29 PM IST
Airport In Kotkasim Alwar Latest News
राजस्थान में यहां हवाई अड्डे की फिर चर्चा, सरकार ने एयरपोर्ट की ओर बढ़ाया कदम, मुख्यमंत्री ने की थी यह घोषणा

अलवर. राज्य सरकार ने अलवर जिले के भिवाड़ी के पास स्थित कोटकासिम हवाई पट्टी विकसित करने के लिए जिला प्रशासन से तखमीना रिपोर्ट मांगी है। सरकार की इस पहल से कोटकासिम में प्रस्तावित कार्गो हवाई अड़्डा फिर से चर्चा में आ गया है। कारण है कि कोटकासिम में पूर्व में हवाई पट्टी नहीं है। संभवत: दिल्ली मुम्बई इंड्रस्ट्रियल कोरिडोर (डीएमआईसी) की ओर से कोटकासिम में प्र्रस्तावित कार्गों एयरपोर्ट पर राज्य सरकार की ओर से हवाईपट्टी विकसित करने की योजना है। तखमीना रिपोर्ट के बाद राज्य सरकार की ओर से बजट घोषणा की क्रियान्विति को लेकर बजट स्वीकृत किया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को दिन भर कोटकासिम हवाई पट्टी की तलाश की गई। कोटकासिम तहसील व उपखंड अधिकारी स्तर पर हवाई पट्टी को लेकर रिपोर्ट तैयार कराई गई। रिपोर्ट में डीएमआईसी की ओर से कोटकासिम में प्रस्तावित कार्गों एयरपोर्ट की जानकारी मिली है। जिला प्रशासन ने अब उद्योग विभाग को हवाई पट्टी की तखमीना रिपोर्ट भिजवाने को कहा है।

नहीं है कोटकासिम में हवाई पट्टी

जिले में कोटकासिम में कोई हवाई पट्टी नहीं है। जिले में थानागाजी क्षेत्र के जयसिंहपुरा में हवाईपट्टी है, लेकिन वह इन दिनों क्षतिग्रस्त हालत में है। जबकि मुख्यमंत्री ने बजट सत्र में कोटकासिम में हवाई पट्टी विकसित करने की घोषणा की है। इस कारण दिन भर प्रशासन के जिला मुख्यालय से लेकर तहसील मुख्यालय तक असमंजस की स्थिति रही। बाद में कोटकासिम में कार्गो हवाई अड्डा ही हवाई पट्टी के रूप में मिली। तब जाकर असमंजस खत्म हो सका।

हवाई अड्डे की राह खुलने के आसार

सरकार की ओर से कोटकासिम में हवाईपट्टी विकसित करने के लिए तखमीना रिपोर्ट मांगने से एक बार फिर जिले में हवाई अड्डा निर्माण की आस बंधी है। हालांकि बजट घोषणा में हवाई पट्टी विकसित करने की घोषणा की गई है, लेकिन संभवत: छोटे हवाई जहाज व हेलीकॉप्टर के लिए डीएमआईसी के एयरपोर्ट पर ही हवाई पट्टी का निर्माण कराया जाएगा। सरकार की ओर से इस प्रस्ताव के लिए जल्द ही बजट स्वीकृत किए जाने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि डीएमआईसी की ओर से पूर्व में भिवाड़ी के पास कोटकासिम में कार्गो एयरपोर्ट स्वीकृत हुआ था। प्रारंभ में एयरपोर्ट को लेकर जिला प्रशासन से प्रस्ताव में आने वाले गांवों के बारे में जानकारी मांगी गई, जो कि प्रशासन ने डीएमआईसी को उपलब्ध करा दी। बाद में यह प्रस्ताव डीएमआईसी के स्तर पर ही चलता रहा और ज्यादा गति नहीं पकड़ पाया। अब बजट सत्र में मुख्यमंत्री की घोषणा और जिला प्रशासन से तखमीना रिपोर्ट मांगने के बाद एयरपोर्ट प्रस्ताव फिर से चर्चा में आ गया है।

Updated on:
1 Oct 2019, 5:29 PM IST
Published on: