अलवर

अलवर में स्कूलों का बदला समय, भीषण गर्मी के बीच जिला कलक्टर का बड़ा फैसला

अलवर जिले में बढ़ते तापमान और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन कर दिया है।

2 min read
Apr 24, 2026
Feature image
representative picture (patrika)

Alwar School Timing Change राजस्थान के अलवर जिले में बढ़ते तापमान और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिला कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आर्तिका शुक्ला ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन कर दिया है।

क्या है नया समय?

जारी आदेश के अनुसार, अलवर जिले में संचालित प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय (निजी) विद्यालयों का समय अब सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह नया समय-सारणी आगामी 27 अप्रेल से प्रभावी होगी और ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) तक लागू रहेगी।

कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को कोई राहत नहीं

प्रशासन की ओर से जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यह समय परिवर्तन केवल कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ही है। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों और विद्यालय के समस्त स्टाफ के लिए विद्यालय का समय पहले की तरह ही यथावत रहेगा। यानी, उच्च कक्षाओं के छात्रों को अपने पुराने निर्धारित समय पर ही स्कूल आना होगा।

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला कहा है कि आदेश का पालन करना सभी विद्यालयों के लिए अनिवार्य है। यदि कोई राजकीय अथवा गैर-राजकीय विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 में निहित प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह निर्णय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से 24 अप्रैल को भेजे गए पत्र के बाद लिया गया है। मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि तथा लू चलने की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है।

41 डिग्री के पार पहुंचा पारा

अलवर में गर्मी का असर इस कदर तेज हो गया है कि दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर चुका है। दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे आमजन की परेशानी दोगुनी हो गई है। गर्म हवाओं और बढ़ती उमस ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अगले तीन दिनों तक बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय बाहर निकलें।

Published on:
24 Apr 2026 04:49 pm