अलवर

पेट भरने के लिए प्लास्टिक बीन रहा था बालक, टॉयलेट की दीवार गिरी, राखी से पहले 4 बहनों के इकलौते भाई की मौत

अलवर शहर के अग्रसेन चौराहा स्थित सब्जी के समीप गुरुवार दोपहर टॉयलेट की दीवार के नीचे दबने से एक बालक की मौत हो गई।

2 min read
Jul 31, 2020
Alwar 11 Year Old Child Died While Waste Picking
पेट भरने के लिए प्लास्टिक बीन रहा था बालक, टॉयलेट की दीवार गिरी, राखी से पहले 4 बहनों के इकलौते भाई की मौत

अलवर. एक बालक चंद पैसे कमाने के लिए कचरे में से प्लास्टिक इकठ्ठा कर रहा था, लेकिन उसकी मौत हो गई और राखी से 4 दिन पहले चार बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। अलवर शहर के अग्रसेन चौराहा स्थित सब्जी के समीप गुरुवार दोपहर टॉयलेट की दीवार के नीचे दबने से एक बालक की मौत हो गई। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।

एनईबी थाना पुलिस ने बताया कि देवखेड़ा झुग्गी झोपड़ी निवासी सुरजन नट का 11 वर्षीय पुत्र भारत गुरुवार दोपहर अग्रसेन चौराहा के समीप स्थित सब्जी के आसपास कचरा व प्लास्टिक की बोतल बीन रहा था। इसी दौरान वह सब्जी मण्डी से सटे टॉयलेट के अंदर घुस गया। इसी दौरान बिना नींव के खड़ी टॉयलेट की क्षतिग्रस्त दीवार बालक के ऊपर गिर गई। जिसके नीचे दबने से बालक का सिर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने दीवार के मलबे को हटाकर बालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और बालक के शव को मौके से उठवाकर सामान्य अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। घटना के सम्बन्ध में मृतक के पिता सुरजन नट ने पुलिस को रिपोर्ट दी है कि उसका 11 वर्षीय पुत्र भारत भीख मांगने और कचरा व प्लास्टिक की बोतल बीनने सब्जी मण्डी आया था। जहां टॉयलेट की दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर उसके पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

चार बहनों का इकलौता भाई था भारत

देवखेड़ा निवासी सुरजन नट के चार बेटी और एक बेटा था। मृतक बालक भारत चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बार घर में कोहराम मचा हुआ है। रक्षाबंधन से चार दिन पहले चारों बहनों का भाई दुनिया से चला गया।

Updated on:
31 Jul 2020 12:18 am
Published on:
31 Jul 2020 09:22 am