अलवर जिले के महुआ क्षेत्र स्थित मोरेड़ा गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार टूटकर पशु बाड़े पर गिर गया, जिससे करंट लगने से 50 बकरे-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
अलवर जिले के महुआ क्षेत्र स्थित मोरेड़ा गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार टूटकर पशु बाड़े पर गिर गया, जिससे करंट लगने से 50 बकरे-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत पशु गांव के इलियास पुत्र फूलू के थे।
बताया जा रहा है कि हादसे से पशुपालक को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। इलियास ने बताया कि तार बाड़े के ऊपर से गुजर रहा था। घटना से 10-15 मिनट पहले ही उसकी पत्नी, साला और बच्चे बकरियों को चारा डालकर बाहर निकले थे। तीन महीने पहले भी इसी स्थान पर तार टूटा था, लेकिन उस समय कोई नुकसान नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग ने जर्जर तारों को नहीं बदला, जिससे दोबारा हादसा हुआ। घटना के एक घंटे बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्राम पंचायत सरपंच इमरान ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग की। इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।