अलवर

अलवर-भरतपुर रोड पर भीषण हादसा: ट्रैक्टर-टेंपो की टक्कर में 2 युवकों की मौके पर ही मौत

अलवर-भरतपुर रोड पर ट्रैक्टर और टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Jul 07, 2026
alwar bharatpur road accident
हादसे में क्षतिग्रस्त टेंपो (फोटो - पत्रिका)

अलवर-भरतपुर रोड पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नसोपुर पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार जयसिंहपुरा छोटा गांव के रहने वाले युवक सुनील कुमार (30) और नरेश कुमार (26) अशोक लीलैंड कंपनी में काम करते थे।

सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे वे अपनी ड्यूटी खत्म करके एक टैंपो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। टैंपो में उनके साथ तीन और युवक सवार थे। जैसे ही उनका टैंपो अलवर-भरतपुर मार्ग पर नसोपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टैंपो को सीधी टक्कर मार दी।

परखच्चे उड़े, मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी भयानक थी कि टैंपो के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और पेट्रोल पंप के कर्मचारी तुरंत मौके पर दौड़े। उन्होंने अपनी स्तर पर राहत और बचाव का काम शुरू किया और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को हादसे की सूचना दी।

दो की मौके पर मौत, तीन रेफर

सूचना मिलते ही बड़ौदामेव थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुनील और नरेश को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए तीन अन्य युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।


गांव और परिवार में पसरा मातम

देर रात जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की खबर जयसिंहपुरा छोटा गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। हंसते-खेलते परिवारों में बेटों की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। दो युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले और माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

रात के समय रफ्तार का कहर

पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू किया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर रात के समय ओवरस्पीडिंग बढ़ जाती है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Updated on:
07 Jul 2026 02:05 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:13 pm