https://www.patrika.com/alwar-news/
वधानसभा चुनाव से पूर्व जिले से करीब 1800 भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से चुनावी गुर सीखने जाएंगे। इसमें शक्ति केन्द्रों से लेकर जिला पदाधिकारी, जिले से राष्ट्रीय व प्रदेश में पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य आदि शामिल होंगे। इसमें हर विधानसभा क्षेत्र से 150 से ज्यादा सदस्य शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आगामी 11 सितम्बर को जयपुर आएंगे। इस दिन वे चार लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व शक्ति केन्द्र संयोजकों से चुनावी चर्चा करेंगे। इसके तहत अलवर लोकसभा क्षेत्र की सभी आठों विधानसभा क्षेत्र एवं जयपुर ग्रामीण की बानसूर व दौसा संसदीय क्षेत्र की थानगाजी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसी दौरान सहकारिता व नगर निकाय सम्मेलन भी होंगे। इनमें भी जिले के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सहकारिता व निकाय सम्मेलन में भी होंगे शामिल
इसी दिन पार्टी के होने वाले सहकारिता व नगर निकाय सम्मेलनों में भी जिले से सदस्य शामिल होंगे। नगर निकाय के लिए नगर परिषद उप सभापति शशि तिवाड़ी व महिला मोर्चे की जिला मंत्री फूलवती सोमवंशी तथा सहकारिता के लिए चन्द्रशेखर दीक्षित व फकरुद्दीन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से संवाद कार्यक्रम में जिले से 1800 से ज्यादा सदस्य जाएंगे।
कौन होगा संवाद में शामिल
राष्ट्रीय अध्यक्ष के संवाद कार्यक्रम में शक्ति केन्द्रों के संयोजक, मण्डलों के पदाधिकारी, मोर्चो के मण्डल अध्यक्ष, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मोर्चो के जिला पदाधिकारी, पार्टी व मोर्चे के प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारी व सदस्य, विधायक, सांसद, जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान, उप प्रधान, नगर निकायों के चेयरमैन व उपाध्यक्ष शामिल होंगे। यानि जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 1800 सदस्य शामिल होंगे। इनमें एक विधानसभा क्षेत्र से 150 से 160 सदस्य शामिल हैं। सम्मेलन जयपुर स्थित इंवेस्टमेंट मैदान अम्बेडक सर्किल पर सुबह 10 बजे होगा।