अलवर

भाई-बहन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, पापा बेरोजगार हो गए हैं, अब लोगों की मदद से जिंदगी बदल गई

भाई-बहन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मदद की अपील, पत्रिका ने आवाज उठाई और अब उन्हें मदद मिल गई है

2 min read
Jul 23, 2020
Alwar Brother Sister Get Admission In English Medium School
भाई-बहन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, पापा बेरोजगार हो गए हैं, अब लोगों की मदद से जिंदगी बदल गई

अलवर. पापा के लॉक डाउन के कारण बेरोजगार होने पर पढऩे का संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखने वाला कक्षा नवीं का बच्चा दर्श और पलक दोनों ही अंग्रेजी माध्यम के एक गैर सरकारी विद्यालय में पढ़ेंगे।

शिक्षा समिति के पदाधिकारियों और शिक्षा विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में बालक दर्श और उसकी बहन पलक को निशुल्क पढ़ाने का एक पत्र समिति पदाधिकारी व शिक्षा विभागीय अधिकारियों ने सौंपा। इन दोनों बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय आदिनाथ पब्लिक स्कूल में पढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष विजय जैन व सचिव ऋषभ जैन , जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राकेश शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश किराड़ व स्कूल प्रबंधन प्रभारी नीरज जैन ने यह पत्र प्रदान किया।

इन दोनों विद्यार्थियों की ड्रेस व किताबों का खर्चा अग्रवाल समाज के भामाशाह उठाएंगे। इसके लिए अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष अमित गोयल ने इसकी पहले ही घोषणा की है। इसके साथ ही फुलकारी क्लब की अध्यक्ष वीना अरोड़ा, केसीआरआई की निदेशक विजय लक्ष्मी खंडेलवाल तथा नीमराणा औद्योगिक एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण गोपाल कौशिक ने इन दोनों की पढ़ाई के लिए हरसंभव सहायता देने की घोषणा की है।

--------------

समाज आगे आने का बेहतरीन उदाहरण- जिला शिक्षा अधिकारी

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश शर्मा ने कहा कि एक बच्चे दर्श की अपील पर हमारे पास दर्जनों संस्थाओं और भामाशाह के फोन आए कि वे इनकी पढ़ाई का जिम्मा उठाने के लिए तैयार हैं। यह समाज की जागरुकता का उदाहरण है। जैन समाज की यह पहल सभी के लिए अनुकरणीय उदाहरण साबित होगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश किराड़ ने कहा कि समाज के गरीब बच्चों को पढ़ाने में जब भामाशाह आगे आएंगे तो शिक्षा से कोई वंचित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी को गरीबी के कारण पढ़ाई से वंचित नहीं किया जा सकता है। इसके लिए हम जिम्मेवार हैं। अंत में सचिव ऋषभ जैन ने आभार जताया। संचालन प्रिंसीपल नितेश मिश्रा ने किया।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका में 19 जुलाई को प्रकाशित समाचार सीएम को लिखा पत्र, लॉक डाउन से पापा बेरोजगार, पीएम से मिला दीजिए.... के बाद नवीं कक्षा के विद्यार्थी दर्श और उसकी बहन पलक के पढ़ाई का पूरा खर्चा उठाने के लिए कई संस्थाएं तैयार हो गई थी।

Updated on:
22 Jul 2020 11:10 pm
Published on:
23 Jul 2020 09:10 am