
अलवर। राजस्थान और हरियाणा की सीमा से सटे मेवात क्षेत्र में गोतस्करी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है। खास बात यह है कि मारे गए आरोपियों में एक अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र के राजपुरा बड़ा गांव का रहने वाला गब्बर पुत्र भूरा भी शामिल है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों के नूंह पहुंचकर विरोध करने की आशंका के चलते राजस्थान पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है। नौगांवा क्षेत्र में सीमा पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
अलवर में गोतस्करी के संदेह में हुई मॉब लिंचिंग और पुलिस व कथित गोतस्करों के बीच मुठभेड़ की घटनाओं का इतिहास काफी पुराना और संवेदनशील रहा है। खासकर 2017 से 2019 के बीच अलवर देशभर में चर्चा में रहा। इन घटनाओं में पहलू खान, उमर खान, रकबर खान और तालीम के मामले प्रमुख हैं।
दिसंबर 2017 में शहर की जनता कॉलोनी में पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, मिनी ट्रक में गाय ले जा रहे 5-7 लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा था कि आरोपियों ने गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। इसमें हरियाणा निवासी तालीम की मौत हो गई। ट्रक में पांच गाय मिली थीं, जिनमें एक मृत थी। इस मामले की जांच सीआईडी-सीबी को सौंपी गई थी।
पहलू खान मामलाः अप्रेल 2017 में बहरोड़ के पास गोवंश ले जा रहे पहलू खान और उनके साथियों को भीड़ ने रोककर पीटा। दो दिन बाद 3 अप्रेल को पहलू खान की मौत हो गई। उन्होंने मरने से पहले अपने बयान में छह लोगों के नाम बताए थे। यह मामला पूरे देशभर में छाया था।
उमर खान मामलाः नवंबर 2017 में उमर खान की गोवंश परिवहन के दौरान गोली लगने से मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को कथित गो-रक्षकों और गोवंश ले जा रहे लोगों के बीच गोलीबारी हुई थी। उमर का शव रामगढ़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला। उनके साथी ताहिर घायल हुए थे और जावेद फरार हो गया था।
रकबर खान मामलाः जुलाई 2018 में रामगढ़ के लालवंडी गांव में गोवंश ले जा रहे रकबर खान और असलम खान को भीड़ ने रोककर पीटा। रकबर की मौत हो गई, जबकि असलम बच निकला।
खुशखेड़ा मामलाः 27 मार्च 2024 में खुशखेड़ा थाना क्षेत्र में गोतस्करी के संदेह में हरियाणा के चार लोगों की पिटाई की गई। चारों घायल मिले और अस्पताल में भर्ती कराए गए। मौके से सात गाय बरामद कर गोशाला भेजी गईं।
खेरली-मंडावर रोड मुठभेड़ः अप्रैल 2017 में रोनिजा थान गांव के पास कथित गोतस्करों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारी और पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान करीब 150 से 200 गोवंश मुक्त कराए गए और छह लोगों को हिरासत में लिया गया।
शाहजहांपुर मुठभेड़ः सितंबर 2019 में शाहजहांपुर क्षेत्र में पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच पीछा करने के दौरान गोलीबारी हुई। पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारी गई और जवाबी फायरिंग हुई। दोनों ओर से 30 से अधिक राउंड गोलियां चलने की खबर सामने आई। दो वाहनों से 14 गाय बरामद की गईं। आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए थे।
मालाखेड़ा-लक्ष्मणगढ़ क्षेत्रः जून 2021 में पुलिस ने कथित गोतस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीछा करने पर फायरिंग कर दी। इसमें क्यूआरटी के जवान मनीष कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।