16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हरियाणा में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, अलवर के गब्बर समेत 2 आरोपियों की मौत; राजस्थान पुलिस अलर्ट

हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 16 Nov 2026, 8:33 AM IST

Nuh Encounter

मृतक गब्बर व घायल ताहिर। पत्रिका फाइल फोटो

अलवर। हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है। मारे गए आरोपियों में एक अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र के राजपुरा बड़ा गांव का रहने वाला गब्बर पुत्र भूरा भी शामिल है। वहीं, फायरिंग में घायल तस्कर भी राजस्थान के डीग जिले का रहने वाला है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों के नूंह पहुंचकर विरोध करने की आशंका के चलते राजस्थान पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है। नौगांवा क्षेत्र में सीमा पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

गौरतलब है कि कि हरियाणा के नूंह जिले में रविवार तड़के गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान फिरोजपुर झिरका पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। गांव बींवा से पुनहाना जाने वाले मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन गो-तस्कर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दो आरोपियों की मौत हो गई थी, जबकि तीसरे घायल का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार उन्हें राजस्थान की ओर से पिकअप में गोवंश भरकर वध के उद्देश्य से ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने बींवा गांव के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान पिकअप सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

अलवर जिले का रहने वाला था गब्बर

मृतकों की पहचान गब्बर पुत्र भूरा निवासी जिला अलवर और साबिर पुत्र शेर मोहम्मद निवासी फौनंदा, जिला नूंह के रूप में हुई है। वहीं, घायल आरोपी की पहचान ताहिर पुत्र अहमद निवासी घाटमीका, जिला डीग के रूप में हुई है। फायरिंग के बाद पुलिस ने मौके से सात गोवंश मुक्त कराए है। साथ ही एक पिकअप, तीन देसी कट्टे, तीन कारतूस और पांच खाली खोल बरामद किए हैं। गो-तस्करों की फायरिंग में सीआइए में तैनात हितेश के हाथ में भी गोली लगी है।

अलवर, डीग, टहला व पहाड़ी में सतर्कता के निर्देश

घटना के बाद नूंह एसपी ने अलवर और डीग एसपी तथा टहला और पहाड़ी के थाना प्रभारियों को पत्र भेजकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पत्र में उन्होंने आशंका जताई है कि मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र अथवा आसपास के थानों में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। अतः विशेष निगरानी रखने और भीड को एकत्रित होने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, एहतियात के तौर पर राजस्थान-हरियाणा सीमा पर नौगांवा पुलिस की तैनाती की गई है।