15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News: अलवर में ‘फिजियोकॉन-2026’ का शुभारंभ, टीकाराम जूली बोले- दवा और दुआ के साथ फिजियोथेरेपी भी जरूरी

अलवर में रविवार को द्वितीय राष्ट्रीय फिजियोथैरेपी कॉन्फ्रेंस ‘नेशनल अलवर फिजियोकॉन-2026’ का शुभारंभ हुआ। प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से फिजियोथैरेपी विशेषज्ञ, चिकित्सक और शोधार्थी शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उद्घाटन करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से मरीजों को तेजी से राहत मिल रही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 15 Nov 2026, 4:08 PM IST

alwar national physiotherapy

अलवर में ‘फिजियोकॉन-2026’ का शुभारंभ (फोटो - पत्रिका)

अलवर शहर के प्रताप ऑडिटोरियम में रविवार को द्वितीय राष्ट्रीय फिजियोथैरेपी कॉन्फ्रेंस ‘नेशनल अलवर फिजियोकॉन-2026’ सीजन-2 की शुरुआत हुई। अलवर एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपिस्ट्स की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया। सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए विशेषज्ञों ने फिजियोथैरेपी के क्षेत्र में हो रहे नए शोध, आधुनिक तकनीक और उपचार के तरीकों पर अपने अनुभव साझा किए।

इस मौके पर टीकाराम जूली ने कहा कि फिजियोथैरेपी आज आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। मरीजों को बीमारी, चोट या शारीरिक परेशानी से उबारने और उन्हें फिर से सामान्य जीवन में लौटाने में फिजियोथैरेपिस्ट की भूमिका लगातार बढ़ रही है। अब इलाज केवल दवाइयों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों से भी मरीजों को बेहतर राहत मिल रही है।

उन्होंने कहा कि यह अलवर के लिए गर्व की बात है कि लगातार दूसरे साल देशभर के प्रतिष्ठित फिजियोथैरेपी विशेषज्ञ इस शहर में एक मंच पर जुटे हैं। ऐसे आयोजनों से चिकित्सकों को अपने अनुभव साझा करने और नई उपचार पद्धतियों के बारे में जानने का मौका मिलता है। इसका फायदा आगे चलकर मरीजों को भी मिल सकता है।

जूली ने कहा कि फिजियोथैरेपी का काम केवल दर्द और शारीरिक परेशानी कम करना नहीं है, बल्कि मरीज को दोबारा आत्मनिर्भर बनाना भी है। कई बार चोट, बीमारी या अन्य शारीरिक समस्याओं के बाद व्यक्ति को सामान्य दिनचर्या में लौटने के लिए लंबे समय तक उपचार और अभ्यास की जरूरत होती है। ऐसे में फिजियोथैरेपी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हो रहे शोध और नई तकनीकों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए।

विशेषज्ञ साझा करेंगे नए शोध और उपचार के तरीके

सम्मेलन में देशभर से आए चिकित्सकों और शोधार्थियों ने फिजियोथैरेपी से जुड़े नए शोध, थीसिस, आधुनिक उपकरणों और उपचार की तकनीकों पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए और मरीजों को बेहतर उपचार देने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

जूली ने कहा कि अलवर अब औद्योगिक और ऐतिहासिक पहचान के साथ चिकित्सा एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ रहा है। लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन का आयोजन शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, डॉ. एससी मित्तल, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. स्नेह सैवाल, डॉ. सचिन अग्रवाल, डॉ. सतीश शर्मा, डॉ. संदीप सैनी, डॉ. अनुराधा गोयल, डॉ. मनमोहन शर्मा, डॉ. हरबंस माथुर, डॉ. चेतन शर्मा, डॉ. निकिता, डॉ. गौतम, डॉ. अंकित, डॉ. मनीष कुमार और डॉ. रवि महलावत सहित देशभर से आए चिकित्सक एवं शोधार्थी मौजूद रहे।