अलवर

Alwar: अलवर में कल CM भजनलाल का रोड शो, जगन्नाथ मंदिर से होगी शुरुआत

अलवर नगर निगम चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार, 7 सितंबर को अलवर आएंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11.30 बजे अलवर पहुंचेंगे और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। रोड शो की शुरुआत जगन्नाथ मंदिर से होगी।
2 min read
Sep 06, 2026
alwar cm bhajanlal sharma
फाइल फोटो - CM भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 7 सितंबर को अलवर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने के कारण भाजपा ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सुबह 11.30 बजे अलवर पहुंचेंगे।

रोड शो की शुरुआत शहर के प्रमुख जगन्नाथ मंदिर से होगी। यहां से मुख्यमंत्री का काफिला त्रिपोलिया मंदिर की ओर जाएगा। इसके बाद रोड शो होप सर्कस, घंटाघर और मन्नी का बड़ होते हुए आगे बढ़ेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

रोड शो में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्यमंत्री संजय शर्मा भी शामिल होंगे। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से रोड शो को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री के रोड शो के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाए।

पुलिस-प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

मुख्यमंत्री के रोड शो को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। रोड शो के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को लेकर भी इंतजाम किए जाएंगे। रास्ते में नीचे लटके होर्डिंग और बैनर हटाए जाएंगे, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। जरूरत के अनुसार रोड शो के कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की जा सकती है। पुलिस की ओर से मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।

भाजपा के नगर निगम चुनाव संयोजक केजी खंडेलवाल ने बताया कि रोड शो को लेकर तैयारियां लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्याशियों को अपने-अपने स्तर पर प्रचार करने के लिए स्वतंत्र रखा गया है।


कांग्रेस ने भी झोंकी ताकत

इधर, कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में पूरी ताकत लगा दी है। पार्टी के स्थानीय नेता अपने प्रत्याशियों के समर्थन में लगातार जनसंपर्क और सभाएं कर रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।

अलवर नगर निगम चुनाव के लिए 7 सितंबर की शाम 5 बजे प्रचार थम जाएगा। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के पास मतदाताओं तक पहुंचने और अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए अब सीमित समय बचा है। मुख्यमंत्री का रोड शो और कांग्रेस नेताओं का जनसंपर्क चुनाव प्रचार के अंतिम दिन की प्रमुख गतिविधियां रहेंगी।

Updated on:
06 Sept 2026 01:13 pm
Published on:
06 Sept 2026 01:09 pm