
अलवर जिले के सकट कस्बे में गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही अधिकारियों को मरीजों और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने सबसे पहले सकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को मिल रही सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि सीएचसी में व्यवस्थाएं अच्छी मिलीं, लेकिन इन सुविधाओं के मुकाबले मरीजों की संख्या कम है।
उन्होंने इस स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिलना चाहिए। खासकर महिलाओं की डिलीवरी सीएचसी में ज्यादा से ज्यादा कराई जाए। इसके लिए महिलाओं को अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने और जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं के अनुरूप मरीजों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और उन्हें इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़े।
इसके बाद जिला कलक्टर ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को देखा। कलक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई और स्कूल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में व्यवस्थाएं अच्छी हैं। स्कूल में बच्चों की संख्या 60 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन इसमें और बढ़ोतरी की जरूरत है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
कलक्टर ने स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्कूल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा से जुड़ें।
सकट में हुए इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम सीमा मीना, बीसीएमओ डॉ. रोहित गोयल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार गुप्ता, एडीपीसी महेश मेहता, सीबीईओ राजगढ़ लीलावती मीना और विद्यालय के प्रधानाचार्य पूरण चंद मीना मौजूद रहे। इनके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।