अलवर

Alwar Deepotsav 2026: आज शाम होप सर्कस पर होगा लेजर लाइट शो, रणदीप हुड्डा करेंगे शुभारंभ

अलवर में दीपावली के मौके पर दो दिवसीय दीपोत्सव (Deepotsav 2026) का आयोजन किया जा रहा है। आज 6 नवंबर की शाम होप सर्कस पर लेजर लाइट शो होगा। फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री संजय शर्मा इस उत्सव का आगाज करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 12:31 PM IST
alwar deepotsav 2026
लेजर शो का ट्रायल किया गया (फोटो - पत्रिका)

अलवर. दीपावली (Diwali) की रोशनी में इस बार अलवर के ऐतिहासिक स्थल और प्रमुख बाजार जगमगाते नजर आएंगे। अलवर टाइगर मैराथन ट्रस्ट, संयुक्त व्यापारी महासंघ, नगर निगम, यूआईटी और जिला प्रशासन की ओर से 6 और 7 नवंबर को अलवर दीपोत्सव-2026 (Alwar Deepotsav 2026) आयोजित किया जा रहा है। इसमें 11 हजार दीपक जलाने के साथ लेजर लाइट शो (Laser Light Show), भजन संध्या और महाआरती जैसे कार्यक्रम होंगे।

आज शाम 6 बजे होप सर्कस पर लेजर शो

दीपोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे मूसी महारानी की छतरी पर टाइगर मैराथन-2027 के प्री-कर्सर इवेंट से होगी। इसमें मैराथन के ब्रांड एंबेसडर और फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा (Randeep Hooda), केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्य मंत्री संजय शर्मा शामिल होंगे।

इसके बाद शाम 6 बजे होप सर्कस (Hope Circus) पर लेजर लाइट शो आयोजित किया जाएगा। इसका शुभारंभ भी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री संजय शर्मा और अभिनेता रणदीप हुड्डा करेंगे। इस दौरान रोशनी और लेजर के जरिए विशेष प्रस्तुति देखने को मिलेगी।

कंपनी बाग में भजन संध्या, 11 हजार दीपक जलेंगे

होप सर्कस पर कार्यक्रम के बाद कंपनी बाग में संयुक्त रोटरी क्लब्स ऑफ अलवर की ओर से भजन जेमिंग और आध्यात्मिक सत्संग (Spiritual Satsang) का आयोजन होगा। रात 8 बजे शहर में 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे। इससे दीपोत्सव में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन का खास नजारा देखने को मिलेगा।

कल 1100 दीपकों से होगी महाआरती

दीपोत्सव के दूसरे दिन 7 नवंबर को होप सर्कस पर 1100 दीपकों के साथ महाआरती (Maha Aarti) होगी। इसमें 11 विद्वान पंडित अनुष्ठान करेंगे। महाआरती का बड़ी स्क्रीन पर ध्वनि के साथ प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम में शामिल लोग इसे आसानी से देख सकेंगे।

बच्चे और बड़े भी ले सकेंगे हिस्सा

दीपोत्सव को पारिवारिक और मनोरंजक बनाने के लिए बच्चों और बड़ों के लिए मिट्टी की गुल्लक (Clay Piggy Bank) और दीपकों पर रंगों से चित्रकारी (Painting Activity) की रचनात्मक प्रतियोगिता भी रखी गई है। प्रतिभागी अपनी पसंद से दीयों व गुल्लक को सजा सकेंगे प्रतिभागी अपनी कल्पना और कला के अनुसार इन्हें सजाएंगे। खास बात यह है कि प्रतिभागी अपने बनाए हुए दीपक और गुल्लक अपने साथ घर भी ले जा सकेंगे। इस तरह दीपोत्सव में मनोरंजन के साथ लोगों को अपनी कला दिखाने का मौका भी मिलेगा।

Updated on:
6 Nov 2026, 12:31 PM IST
Published on: