अलवर

Alwar News: खंडेलवाल धर्मशाला में लगी भीषण आग, लाखों का सामान और दो बाइक जलीं

अलवर के राजगढ़ कस्बे स्थित खंडेलवाल धर्मशाला के एक कमरे में देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में कमरे में रखा करीब आठ लाख रुपए का सामान और गैलरी में खड़ी दो बाइक जल गईं।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 1:01 PM IST
Rajgarh Khandelwal Dharamshala Fire
धर्मशाला में आग बुझने के बाद की तस्वीर (Photo-Patrika)

अलवर। राजगढ़ कस्बे स्थित खंडेलवाल धर्मशाला परिसर में बने एक कमरे में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कमरे में रखा करीब आठ लाख रुपए की लागत का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आग की लपटों की चपेट में आने से गैलरी में खड़ी एक बाइक पूरी तरह स्वाहा हो गई, जबकि पास ही खड़ी दूसरी बाइक भी आंशिक रूप से जल गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

प्रबंधक की सूचना पर मची अफरा-तफरी

खंडेलवाल समाज के ऑडिटर सुरेश खंडेलवाल ने बताया कि देर रात धर्मशाला के प्रबंधक लल्लूराम सैनी ने फोन कर परिसर के कमरे में आग लगने की सूचना दी। खबर मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां आग ने विकराल रूप धारण कर रखा था। लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर रखा सारा सामान जलता नजर आया। इस अग्निकांड में कमरे में रखी कुर्सियां, बेड, पलंग, गद्दे, कंबल और अन्य कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

छोटी दमकल पड़ी कम, अलवर से मंगवाई बड़ी गाड़ी

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राजगढ़ नगर पालिका के दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना पर स्थानीय दमकल वाहन मौके पर पहुंचा भी, लेकिन गाड़ी छोटी होने और आग की तीव्रता अधिक होने के कारण लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति बिगड़ती देख तत्काल अलवर जिला मुख्यालय से बड़ी दमकल गाड़ी को बुलाया गया।

डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग

अलवर से पहुंची दमकल टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। समय रहते आग बुझ जाने से धर्मशाला परिसर के अन्य हिस्सों में बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि, कमरे में रखा लाखों रुपए का सामान और वाहन जलने से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हादसा बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है।

Updated on:
21 Nov 2026, 1:01 PM IST
Published on: