अलवर

Alwar: लिपिक भर्ती-2022 में नया खुलासा: ओबीसी की 10 सीटों पर भर्ती किए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी

अलवर जिला परिषद की लिपिक भर्ती में रोजाना नए खुलासे हो रहे है। फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के जरिए नौकरी के मामले तो उठ ही रहे हैं। भर्ती के रोस्टर को भी तोड़ते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित पदों पर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को नियुक्त कर दिया गया।

2 min read
Jun 21, 2026
jila-parishad
अलवर जिला परिषद कार्यालय फाइल फोटो

अलवर जिला परिषद की लिपिक भर्ती में चहेतों को नौकरी देने का ऐसा खेल खेला गया कि भर्ती के रोस्टर को भी तोड़ दिया गया। लिपिक भर्ती 2022 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए जो पद आरक्षित थे, उन पर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को नियुक्त कर दिया गया। ओबीसी की 10 पुरुष सीटों पर एक भी व्यक्ति को नौकरी नहीं दी गई। जिन पुरुष अभ्यर्थियों ने प्रतीक्षा सूची में नाम जोड़ने के लिए आपत्ति दी, उन्हें जानबूझकर किसी न किसी कारण से खारिज कर दिया गया। वहीं, ओबीसी महिलाओं की सीटों पर भी दस्तावेज सत्यापन के लिए पर्याप्त मात्रा में अभ्यर्थियों को नहीं बुलाया गया और न ही महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर पूरी भर्ती की गई। इस मामले का खुलासा हुआ, तो राज्य जांच टीम को मामला भेजा गया है।


लिपिक भर्ती के प्रथम चरण के बाद विशेष पिछड़ा वर्ग (एसबीसी) महिला की कोई भी सीट खाली नहीं बताई गई थी, लेकिन द्वितीय चरण के बाद एसबीसी महिला 1 सीट रिक्त दिखा दी गई। तृतीय चरण की प्रतीक्षा सूची में रिक्त रही इस एक सीट के विरुद्ध 20 एसबीसी की महिला वर्ग की सूची जारी की गई, जो लगभग 20 गुणा थी। उक्त 20 अभ्यर्थियों में से 2 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 1 सीट ही रिक्त थी। तृतीय प्रतीक्षा सूची में ओबीसी महिला वर्ग की रिक्त रही 6 सीटों के विरुद्ध अन्य श्रेणियों की तरह 20 गुणा महिलाओं को शामिल नहीं किया गया। इस विसंगति की वजह से ओबीसी महिला अभ्यर्थियों का रिक्त सीट पर भी चयन नहीं हो सका। इस संबंध में सीईओ सालुखे गौरव रविंद्र का कहना है कि यह मामला उनके कार्यकाल से पहले का है और इस भर्ती प्रकरण की सरकार के स्तर से जांच की जा रही है।

इस तरह दर्शाए गए पद

कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 के अंतर्गत प्रतीक्षा सूची से भरे जाने वाले 135 पदों का श्रेणीवार वर्गीकरण जिला परिषद की भर्ती पत्रावली के पैरा 89 पर अंकित था, जिसमें ओबीसी पुरुषों के 10 पद, महिलाओं के 01 पद, विधवा के 4 व परित्यक्ता के 3 पद रिक्त दर्शाए गए। एसबीसी वर्ग की सामान्य महिलाओं का 1 पद व विधवा कोटे का 1 पद बताया गया।

ये थी रिक्त पदों की स्थिति

जिला परिषद की ओर से प्रथम प्रतीक्षा सूची में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण रिक्त रहे पदों का विवरण 17 अक्टूबर 2022 को जारी किया गया, जिसमें ओबीसी विधवा वर्ग के 4 पद व परित्यक्ता के 3 पद, एसबीसी वर्ग महिलाओं के शून्य पद दिखाए गए थे। प्रथम व द्वितीय चरण के अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के बाद रिक्त रहे पदों की स्थिति में ओबीसी महिलाओं के 6 पद व एसबीसी महिलाओं का एक पद रिक्त बताया गया।

ऐसे भरे गए पद

जिला परिषद की ओर से प्रतीक्षा सूची से भरे जाने वाले पदों के आवंटन आदेश व श्रेणीवार प्राप्तांकों के अंतिम चयन कटऑफ के आधार पर ओबीसी पुरुष के शून्य पद, ओबीसी महिलाओं के 6 पद व अन्य पिछडा वर्ग ओबीसी की परित्यक्ता का 1 पद भरा गया है।

Published on:
21 Jun 2026 11:14 am