अलवर

Alwar: अलवर के किशन कुंड में चला झरना, बारिश के बाद परिवार संग घूमने पहुंचे लोग

अलवर में लगातार हो रही बारिश ने शहरवासियों को राहत के साथ घूमने का मौका भी दे दिया है। बारिश के बाद किशन कुंड का झरना फिर से बहने लगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं।
2 min read
Aug 06, 2026
alwar kishan kund waterfall
किशन कुंड झरना (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में मानसून एक बार फिर मेहरबान हो गया है। लगातार बारिश के बाद अलवर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल किशन कुंड का झरना फिर से बहने लगा है। झरने के चलने की खबर मिलते ही शहर के लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचने लगे। हरियाली के बीच बहते पानी का सुंदर नजारा लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है और कई लोग यहां फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहे हैं।

कुंड का प्राकृतिक सौंदर्य है ख़ास

बारिश के बाद किशन कुंड का प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर गया है। झरने के आसपास का वातावरण पूरी तरह हरियाली से भर गया है। छुट्टी का दिन होने और मौसम सुहावना रहने के कारण बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचे। बच्चों और युवाओं में इस प्राकृतिक स्थल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो यहां आने वाले लोगों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।


हालांकि, शहर में बारिश राहत के साथ कुछ परेशानियां भी लेकर आई। लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों और मुख्य सड़कों पर जलभराव हो गया। कई जगह बाइक और अन्य छोटे वाहन पानी में बंद हो गए, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। बाजार, कार्यालय और स्कूल जाने वाले लोगों को भी पानी भरी सड़कों के कारण आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।


बारिश का असर जिले की प्रमुख सिलीसेढ़ झील पर भी दिखाई देने लगा है। लगातार पानी की आवक बढ़ने से झील के जलस्तर में सुधार होने की उम्मीद है। इससे आने वाले समय में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को फायदा मिल सकता है। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बारिश होने से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद बताया है और अच्छी पैदावार की उम्मीद जताई है।

आगे भी जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग ने अलवर जिले में अगले चार दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही किशन कुंड और अन्य झरनों पर घूमने आने वाले लोगों से भी पानी के तेज बहाव के पास न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Updated on:
06 Aug 2026 03:55 pm
Published on:
06 Aug 2026 03:55 pm