
अलवर मंडी में दो दिन पहले तक 1400 रुपए प्रति कट्टा तक बिकने वाला प्याज शुक्रवार को 500 से 700 रुपए प्रति कट्टा तक बिकने से किसान नाराज हो गए। किसानों ने फल मंडी के गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। किसानों का आरोप है कि आढ़ती व्यापारियों ने उन्हें प्याज कई दिन तक धूप में सुखाकर मंडी लाने की सलाह दी थी। कहा गया था कि सूखा प्याज लाने पर अच्छे भाव मिलेंगे। किसानों ने उनकी बात मानकर प्याज सुखाई, लेकिन अब मंडी में रंग अच्छा नहीं होने की बात कहकर कम भाव लगाए जा रहे हैं।
सिरमौली निवासी किसान आजमदीन ने बताया कि वह 65 कट्टे प्याज बेचने के लिए मंडी लेकर आए थे। उनकी प्याज 750 रुपए प्रति कट्टा के भाव से खरीदी गई। उनका आरोप है कि एक दिन पहले तक प्याज 1300 रुपए प्रति कट्टा तक बिक रहा था, लेकिन व्यापारियों ने आपस में बैठक कर अचानक भाव आधे कर दिए। किसानों का कहना है कि व्यापारी प्याज बाहर भेजने के बजाय सस्ते भाव में खरीदकर स्टॉक कर रहे हैं, ताकि बाद में महंगे दामों पर बेच सकें।
किसानों ने प्याज की तौल में कटौती का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि एक कट्टे में 40 किलो 700 ग्राम प्याज होने के बावजूद उन्हें 40 किलो का ही भुगतान किया जाता है। जबकि व्यापारियों से बीज खरीदते समय 100 ग्राम का भी पूरा हिसाब लिया जाता है। किसानों ने इसे अपने साथ अन्याय बताया।
किसानों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले पप्पू भाई प्रधान ने वीडियो के जरिए किसानों से प्याज सुखाकर मंडी लाने की अपील की थी। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि इससे अच्छे भाव मिलेंगे। किसानों ने कई दिन तक प्याज धूप में सुखाई, लेकिन मंडी पहुंचने पर भाव में अचानक बड़ी गिरावट आ गई।
एक मंडी व्यापारियों ने बताया कि अब नासिक और गुजरात के भावनगर-महुवा क्षेत्र से प्याज की आवक शुरू हो गई है। इसके चलते स्थानीय प्याज के भाव में गिरावट आई है। शुक्रवार को मंडी में करीब 65 हजार कट्टे प्याज की आवक हुई। दो दिन पहले प्याज 1400 रुपए प्रति कट्टा तक बिका था, जबकि शुक्रवार को गुणवत्ता के अनुसार 700 से 1200 रुपए प्रति कट्टा तक भाव रहे।
किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने और धरना समाप्त कराने का प्रयास किया। अचानक भाव गिरने से किसानों को अपनी उपज का उचित दाम नहीं मिलने की चिंता सता रही है।