
अलवर। अलवर नगर निगम के पहले मेयर के चुनाव के परिणाम सामने आ गए हैं और इसी के साथ अलवर को पहली मेयर मिल गईं हैं। आज सोमवार सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरु हो गई थी। मेयर पद के लिए भाजपा की सुमनलता अग्रवाल और कांग्रेस की कमलेश शर्मा के बीच सीधा मुकाबला था। नगर निगम के 65 पार्षद मतदान में हिस्सा लिया। मेयर बनने के लिए 33 वोट जरूरी थे।
अलवर नगर निगम के पहले मेयर के चुनाव में भाजपा की सुमनलता अग्रवाल ने जीत दर्ज की। मतदान में उन्हें 42 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की कमलेश शर्मा को 23 वोट मिले।
बता दें कि पार्षद चुनाव के नतीजों में भाजपा को 28, कांग्रेस को 23, निर्दलीयों को 13 और बसपा को एक सीट मिली थी। मेयर बनाने के लिए 33 पार्षदों का समर्थन जरूरी था। ऐसे में किसी भी पार्टी के पास अपने दम पर बहुमत नहीं था और निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो गई थी।
वोटिंग के बीच कांग्रेस की ओर से मतदान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश शर्मा के पति और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़ा एक व्यक्ति कई घंटे तक मतदान स्थल के अंदर मौजूद रहा। मिश्रा का कहना है कि पुलिस से शिकायत के बावजूद उसे काफी देर तक बाहर नहीं निकाला गया। इसी के साथ उन्होंने मतदान में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए हैं।
महापौर चुनाव के मद्देनजर आज नगर निगम की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पुलिस ने रविवार को आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि होप सर्कस, घंटाघर, पुलिस कंट्रोल रूम, काशीराम चौराहा, कटला वंडरमॉल कट, मन्नी का बड़ की तरफ से नगर निगम की तरफ आने-जाने वाले समस्त वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। एसपी ने आमजन से अनुरोध किया है कि इन रास्तों का प्रयोग करने से बचें।
उपाध्यक्ष पद के चुनाव कल 22 सितंबर को होंगे। इसे लेकर कल नगर निकाय में दिनभर चुनावी प्रक्रिया चलेगी। उम्मीदवारों के नामांकन से इसकी शुरुआत होगी। सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की जांच 11:30 बजे से शुरू होगी। दोपहर 2 बजे तक प्रत्याशियों के पास मैदान से हटने का मौका रहेगा। अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वोटिंग खत्म होते ही मतों की गिनती शुरू होगी और इसी दिन उपाध्यक्ष पद का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा।