अलवर

राठ क्षेत्र में पुरान सुलझ नही रहे,नई वारदातों से पुलिस की उड़ी नींद, चौकीदार की मौत से फैली सनसनी

शव खेत में फेंका
2 min read
• •
Updated: 1 Jul 2018, 10:01 AM IST
Alwar : murder in majarikala behror
राठ क्षेत्र में पुरान सुलझ नही रहे,नई वारदातों से पुलिस की उड़ी नींद, चौकीदार की मौत से फैली सनसनी

माजरी . बहरोड़ में चार दिन पहले नगरपालिका उपाध्यक्ष की गोली मारकर की गई हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं कि बदमाशों ने रोड़वाल गांव के पास एक चौकीदार की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी। हत्या कर बदमाश शव को खेत में फेंक गए। घटना का पता शनिवार सुबह चला।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मांढण-कुण्ड मार्ग स्थित रोड़वाल गांव के पास एचपी ईंट-भट्टे पर कार्यरत चौकीदार शुक्रवार देर शाम सब्जी खरीदकर भट्टे पर आ रहा था। रास्ते मेें बदमाशों ने बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी और शव को एक खेत में फेंक दिया। शनिवार सुबह शौच करने गए भट्टे के मजदूरों ने चौकीदार का शव खेत में देखा तो इसकी सूचना भट्टे के मुनीम को दी। मुनीम की सूचना पर भट्टा मालिक ने माजरीकलां पुलिस चौकी को जानकारी दी। इस पर नीमराणा थाना इंचार्ज पवन कुमार चौबे, एएसआई मदनलाल और माजरीकलां पुलिस चौकी के बलवंत यादव मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना जानकारी ली। मृतक की पहचान सील गांव, मुण्डावर निवासी सोमदत्त मेघवाल (35) के रूप में हुई। बीस दिन पहले ही भट्टे पर आए चौकीदार के मुंह से खून निकला हुआ था व आंख के ऊपर चोट के निशान थे। मृतक के भाई कृष्ण कुमार ने नामजद हत्या का मामला दर्ज कराया है। शुक्रवार शाम दो युवक सोमदत्त के साथ होना बताया जा रहा है, जिनमें एक का नाम पप्पू है जो उत्तरप्रदेश के बांदा जिले का रहने वाला है। पप्पू की आईडी पुलिस के हाथ लगी है। अभी दोनों फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मान रही है।

------------------------------------------------------------------------------------------------------

चिकानी के युवक की बिहार में संदिग्ध मौत

अलवर. ट्रक पर परिचालक का कार्य करने वाले चिकानी के एक 19 वर्षीय युवक की बिहार के लखी सराय में संदिग्ध मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम युवक के शव को लेकर ट्रक चालक चिकानी पहुंचा। बाद में पुलिस की मौजूदगी में युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में चिकानी निवासी शुभरती पुत्र सरसमल खां ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा रोबिन खां ट्रक मालिक रहमूदीन के साथ परिचालक के रूप में ट्रक पर बिहार गया था। वहां उसकी संदिग्ध मौत हो गई। उधर, मामले में ट्रक चालक का कहना है कि रोबिन की बिहार में तबीयत खराब हो गई, जिसे लखी सराय के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे पटना रैफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

Published on: