
अलवर शहर की प्याज मंडी में इन दिनों प्याज से भरे वाहनों की बढ़ती संख्या ने यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी है। मंडी में आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक और अन्य वाहनों के कारण आसपास की सड़कों पर अघोषित चक्का जाम जैसे हालात बन गए हैं। शाम होते ही मंडी के आसपास वाहनों की कतारें लगना शुरू हो जाती हैं, जो देर रात तक बनी रहती हैं। शनिवार रात से मंडी के चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी अग्रसेन सर्किल से मंडी मोड़, 200 फीट रोड और हनुमान सर्किल तक देखने को मिल रही है। इन रास्तों पर वाहनों की रेलमपेल के कारण दूसरे वाहन चालकों को निकलने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। अग्रसेन सर्किल शहर का प्रमुख मार्ग है। यहां जाम लगने से रेलवे स्टेशन, बिजली निगम कार्यालय और सरकारी आईटीआई सहित आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रविवार सुबह भी प्याज के वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सुबह करीब पांच बजे जाम लग गया, जिसे खुलवाने में लगभग दो घंटे लग गए। जाम की सूचना मिलने पर मंडी सचिव अंजू जाटव सुबह साढ़े पांच बजे ही मौके पर पहुंच गईं। इसके बावजूद मंडी और जिला प्रशासन के प्रयासों से जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
मंडी में सब्जी खरीदने के लिए आने वाले लोगों को भी इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जाम में फंसने के कारण लोगों को मंडी तक पहुंचने और वहां से बाहर निकलने में काफी समय लग रहा है।
लगातार बन रहे जाम के हालात को देखते हुए मंडी प्रशासन ने पुलिस प्रशासन से करीब 10 जवान उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की भी मांग की गई है। मंडी प्रशासन का मानना है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित की जा सकेगी और जाम की समस्या कम होगी।
एक तरफ मंडी में वाहनों की भीड़ से यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ बारिश की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों की मांग पर मंडी प्रशासन ने प्याज को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल और पन्नी वितरित की है, ताकि खुले में रखी प्याज की फसल भीगने से बचाई जा सके।