अलवर जिले के राजगढ़ उपखंड में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ पुराना राजगढ़ के सेढ़ मोहल्ला में देर रात बोरिंग मशीन की चपेट में आने से एक हेल्पर की मौत हो गई। चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलवर के राजगढ़ में बोरिंग मशीन की चपेट में आने से एक व्यकित की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरी घटना राजगढ़ इलाके के पुराना राजगढ़ स्थित सेढ़ मोहल्ला की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हीरालाल मीणा नाम के एक व्यक्ति के खेत में पानी का बोर करने के लिए बोरिंग मशीन वाली गाड़ी गई हुई थी।
रात के करीब 12:30 बजे जब बोरिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया। मृतक के भतीजे सुदम नायक, जो खुद उड़ीसा के जामुंदा केंदूझर का रहने वाला है, ने राजगढ़ थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। सुदम ने बताया कि उसका 40 वर्षीय चाचा चतुर्भुज नायक (पुत्र महाश्वेर नायक) बोरिंग की गाड़ी पर हेल्परी (मददगार) का काम करता था।
घटना के वक्त चतुर्भुज अपनी साइड में खेत की डोल (मेड़) पर शांति से खड़ा था। इसी दौरान गाड़ी के चालक अयूब खान (पुत्र घासी खां पठान) ने लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए चतुर्भुज को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि चतुर्भुज नायक गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग और साथी कर्मचारी उसे तुरंत इलाज के लिए राजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। यहाँ चतुर्भुज की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन बदकिस्मती से अलवर ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। राजगढ़ कोतवाल राजेश मीणा ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी चालक अयूब खान के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर जान लेने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अलवर के सरकारी अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।