अलवर

Alwar: अलवर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत

राजस्थान के अलवर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा (road accident) सामने आया है। एमआईए थाना (MIA police station) इलाके में ड्यूटी पर जा रहे एक 21 वर्षीय बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक (speeding truck) ने बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 11:35 AM IST
alwar road accident
जिला हॉस्पिटल में रखवाया युवक का शव (फोटो - पत्रिका)

अलवर शहर के औद्योगिक क्षेत्र (industrial area) एमआईए में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि बाइक के चकनाचूर हो गई और युवक ने घटनास्थल (accident spot) पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जालूकी थाना क्षेत्र के सेमली गांव का रहने वाला 21 वर्षीय आदित्य पुत्र मोहन भलाई रात को अपनी बाइक से नाइट शिफ्ट में ड्यूटी के लिए निकला था। वह एमआईए स्थित जैन फैक्ट्री में काम करता था। जैसे ही आदित्य फैक्ट्री के मेन गेट के पास पहुंचा, तभी तेज स्पीड में आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आदित्य सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी

हादसा होते ही मौके पर भारी संख्या में राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ (crowd) जमा हो गई। लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ युवक को आनन-फानन में अलवर के जिला अस्पताल (district hospital) पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित (declared dead) कर दिया।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की कर रही जांच 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एमआईए थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटाकर थाने भिजवाया ताकि यातायात सुचारू हो सके। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक (truck driver) गाड़ी लेकर मौके से फरार (absconding) हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV cameras) के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

आज शनिवार सुबह पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम (post-mortem) कराया और शव परिवार को सौंप दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक आदित्य अपने घर का मुख्य सहारा था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पिता भी मजदूरी का काम करते हैं। पूरे गांव में इस दु:खद घटना के बाद मातम छाया हुआ है।

Updated on:
23 Oct 2026, 11:35 AM IST
Published on: