अलवर

Sariska Tiger Reserve: सरिस्का में दिखा रोमांचक नजारा, एक साथ नजर आए 6 टाइगर

अलवर में स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर जोन में सफारी के दौरान महज 100 मीटर के दायरे में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 6 टाइगर एक साथ दिखाई दिए, जिसे देखकर पर्यटक रोमांचक हो गए।

2 min read
Jun 22, 2026
sariska tiger
सरिस्का में दिखा टाइगर (फोटो - पत्रिका)

अलवर का सरिस्का वन्यजीव अभयारण्य एक बार फिर पर्यटकों के लिए रोमांच का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है। यहां सफारी पर आए सैलानियों के लिए ये पल सबसे यादगार पल बन गया। बफर जोन के जंगल में सैलानियों ने एक साथ छह बाघों को अठखेलियां करते और जंगल में घूमते हुए देखा। वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह किसी लॉटरी लगने जैसा था, क्योंकि सरिस्का के इतिहास में ऐसे मौके बेहद कम ही देखने को मिलते हैं।

दूर-दूर तक कोई हलचल नहीं

दरअसल जब पर्यटकों की गाड़ियां सफारी के लिए जंगल में निकलीं, तो शुरुआत के करीब डेढ़ घंटे तक दूर-दूर तक कोई हलचल नहीं दिखाई दी। सफारी का समय बीतता जा रहा था और बाघों का दीदार न होने से पर्यटकों के चेहरों पर निराशा साफ साफ दिखने लगी थी। इसी दौरान पर्यटकों की गाड़ी के साथ चल रहे मशहूर टाइगर एक्सपर्ट चिन्मय मैकमेसी ने अचानक हवा का रुख भांपा और उन्होंने ड्राइवर को एक जगह गाड़ी रोकने का इशारा किया। यह बात सुनकर एक बार तो गाड़ी में बैठे पर्यटक और गाइड दोनों ही सोच में पड़ गए।

जंगल की खुली हवा में बाघ की मौजूदगी को इस तरह सूंघकर पहचान लेना सबके लिए वाकई अचरज भरा था। लेकिन, एक्सपर्ट का यह दावा कुछ ही मिनटों में बिल्कुल सच साबित हो गया और पर्यटकों की आंखें फटी की फटी रह गईं। गाड़ी रुकने के कुछ ही देर बाद महज 50 मीटर की दूरी पर घनी झाड़ियों को चीरते हुए अचानक बाघ एसटी-18 (ST-18) बाहर निकल आया। राजा की तरह चलते उस बाघ को इतने करीब देखकर पर्यटकों की सांसें थम गईं। लेकिन रोमांच यहीं खत्म नहीं हुआ था। जब गाड़ी थोड़ी और आगे बढ़ी, तो ठीक सामने बाघिन एसटी-19 (ST-19) अपने 4 नन्हे शावकों के साथ खेलती हुई नजर आई।

रोमांचित हो उठे पर्यटक

एक तरफ बाघिन अपने चार बच्चों के साथ फुर्सत के पल बिता रही थी, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ ही दूरी पर टाइगर एसटी-18 भी चहलकदमी कर रहा था। इस अद्भुत नजारे को देखकर सफारी पर आए सभी पर्यटक पूरी तरह से रोमांचित हो उठे। पर्यटकों ने कैमरे और मोबाइल फोन निकालकर इस ऐतिहासिक पल को कैद किया। सफारी खत्म होने के बाद बेहद खुश नजर आ रहे पर्यटकों ने कहा कि शुरुआत में हमें लग रहा था कि आज का दिन और हमारे पैसे बेकार चले जाएंगे। लेकिन टाइगर एक्सपर्ट की सूझबूझ और इस हैरतअंगेज नजारे ने हमारे इस सफर को जिंदगी का सबसे बेहतरीन अनुभव बना दिया।

Published on:
22 Jun 2026 03:03 pm