
अलवर-शाहजहांपुर रूट पर जल्द ही ‘आपणी बस’ सेवा शुरू हो सकती है। मत्स्य नगर डिपो की ओर से इस रूट पर डीलक्स बस चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए निजी संवेदकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे। फिलहाल इस रूट पर रोडवेज की ओर से कोई बस संचालित नहीं हो रही है।
डिपो की ओर से आपणी बस योजना के तहत बस संचालन का प्रस्ताव तैयार कर जयपुर स्थित रोडवेज मुख्यालय भेज दिया गया है। अब मुख्यालय से मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही निजी संवेदक का चयन कर बस संचालन की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आपणी बस योजना के तहत अलवर-शाहजहांपुर रूट पर चलने वाली डीलक्स बस अलवर के केंद्रीय बस स्टैंड से रवाना होगी। बस का संचालन निजी संवेदक की ओर से किया जाएगा। इसके लिए संवेदक को रोडवेज को 5.98 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से राशि देनी होगी।
बस में चालक और परिचालक की व्यवस्था भी निजी संवेदक की ओर से की जाएगी। हालांकि यात्रियों की टिकटिंग रोडवेज की टिकटिंग मशीन से होगी। इससे बस संचालन में रोडवेज पर अतिरिक्त खर्च का बोझ नहीं आएगा और निजी संवेदक के माध्यम से रूट पर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस योजना के तहत यात्रियों से 1.50 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया लिया जाएगा। यात्रियों को रियायती दर पर यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। योजना में विभिन्न श्रेणियों के पात्र यात्रियों को मिलने वाली रियायत का भी प्रावधान रखा गया है।
रियायती किराए से मिलने वाली राशि का समायोजन निजी संवेदक की ओर से रोडवेज को दी जाने वाली राशि में किया जाएगा। यानी रियायती दर पर यात्रियों से मिलने वाली किराया राशि को संवेदक की रोडवेज को देय राशि में से घटाया जाएगा।
राज्य सरकार ने आपणी बस योजना की घोषणा बजट में की थी। इसका उद्देश्य ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी इलाकों तक सस्ती, सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा पहुंचाना है। योजना को पहले संचालित ग्रामीण परिवहन सेवा के अपग्रेड मॉडल के रूप में तैयार किया गया है।
इस मॉडल के तहत पहले बंद हो चुके ग्रामीण परिवहन सेवा के रूटों पर दोबारा बसें चलाने की योजना है। अलवर-शाहजहांपुर रूट पर बस शुरू होने से इस मार्ग पर आने-जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। फिलहाल रोडवेज मुख्यालय की मंजूरी के बाद ही संचालन की तस्वीर साफ होगी।