21 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News: अलवर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, आचार संहिता की सख्ती से पालना

अलवर में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अधिकारियों की बैठक लेकर चुनावी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। अलवर जिले में दो चरणों में मतदान होगा।
2 min read
Google source verification
alwar nagar nikay chunav

निकाय चुनाव की तैयारियां की बैठक

अलवर में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कलक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन प्रकोष्ठ के प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मतदान से लेकर मतगणना और मतदान दलों की व्यवस्थाओं तक अलग-अलग तैयारियों की समीक्षा की गई।

अलवर जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पूरी तरह पालना करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने जिम्मे सौंपे गए काम को गंभीरता से लें और तय समय सीमा में पूरा करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

दो चरणों में होगा मतदान

अलवर जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर को नगर निगम अलवर के साथ नगर पालिका रामगढ़, नौगांवा, मालाखेड़ा और बहादुरपुर में मतदान होगा। इसके बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण में कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविन्दगढ़-रामबास और बड़ौदामेव में मतदान कराया जाएगा। प्रशासन ने दोनों चरणों को लेकर संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

मतदान दलों के प्रशिक्षण से लेकर रवानगी तक तैयारी

बैठक में मतदान दलों के प्रशिक्षण और रवानगी के लिए स्थान तय करने पर भी चर्चा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों की रवानगी स्थल, मतगणना केंद्र, रूट चार्ट, वाहनों और चुनाव सामग्री की व्यवस्था समय रहते पूरी करने को कहा।

इसके अलावा मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाता बिना किसी दबाव के स्वतंत्र और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए जरूरी इंतजाम पहले से किए जाएं।


आचार संहिता की पालना पर रहेगा जोर

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 48 और 72 घंटे की समय-सीमा में होने वाली कार्रवाई को समय पर पूरा किया जाए।

निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता के उल्लंघन पर संबंधित अधिकारी तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेश डागुर, जिला परिषद सीईओ यश चौधरी, एडीएम द्वितीय बीना महावर, एडीएम शहर अम्बालाल मीणा, एसडीएम माधव भारद्वाज, एएसपी दीपक कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे।