
अलवर के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के पाडल्या गांव निवासी शाकिर खान की हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग अरावली विहार थाने पहुंचे और थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्याकांड के नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि गंभीर हत्याकांड के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मृतक के चाचा मुहुर खां निवासी पाडल्या ने पूर्व में मालाखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 1 अक्टूबर की रात करीब एक बजे शाकिर खान और फारुख ठंडा पीने के लिए सोहनपुर स्टैंड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सोहनपुर गांव के 8 से 10 लोगों ने दोनों को रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने दोनों का जबरन अपहरण करने की कोशिश की। इस दौरान हुई छीना-झपटी में फारुख किसी तरह वहां से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार परिजन रातभर शाकिर की तलाश करते रहे। सुबह करीब 5 बजे सरिस्का फन सिटी की बाउंड्री और स्कूल के पीछे सोहनपुर स्टैंड से करीब 150 मीटर दूर शाकिर अचेत अवस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। सिर, पसलियों और पैरों में चोट के अलावा छाती और गुप्तांगों पर गर्म सरिये से दागने के निशान भी थे।
परिजन गंभीर हालत में शाकिर को अलवर के एक निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शाकिर ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
गुरुवार को थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार को न्याय मिलने में देरी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।