
अलवर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल सिलीसेढ़ बांध के निचले हिस्से में सोमवार शाम एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बगड़ तिराहा निवासी रवि कुमार बैरवा (32) अपने पांच दोस्तों के साथ सिलीसेढ़ घूमने गया था। वहां पांचों दोस्त पानी में नहाने उतर गए, जबकि रवि किनारे सूखी जगह पर बैठा रहा। जब दोस्त नहाकर लौटे तो रवि वहां नहीं मिला। उसके कपड़े किनारे रखे मिले, जिसके बाद उसके पानी में डूबने की आशंका जताई गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस व एसडीआरएफ की टीमों ने सर्च अभियान शुरू किया। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।
घटना का पता तब चला जब रवि के दोस्त नहाकर पानी से बाहर आए। उन्होंने देखा कि रवि अपनी जगह पर मौजूद नहीं था, लेकिन उसके कपड़े और सामान वहीं किनारे पर रखे हुए थे। दोस्तों ने आसपास के इलाके में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब रवि का कोई पता नहीं चला तो घबराकर उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि रवि के साथ आए सभी युवक शराब के नशे में थे। पुलिस ने घटना के समय मौजूद पांचों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि घटना के सही कारणों और पूरी क्रोनोलॉजी का पता लगाया जा सके।
युवक के पानी में डूबने की आशंका को देखते हुए मंगलवार सुबह ही सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों की मदद से पानी के भीतर और आसपास के पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बोट और कांटों की मदद से पानी के एक-एक हिस्से को खंगाला गया, लेकिन देर शाम तक भी युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका।
अकबरपुर थाना पुलिस का कहना है कि जब तक युवक का शव या कोई ठोस सबूत पानी से नहीं मिल जाता, तब तक आधिकारिक तौर पर उसके डूबने की पुष्टि नहीं की जा सकती। फिलहाल पुलिस मामले को गुमशुदगी की श्रेणी में रखकर सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में सनसनी फैली हुई है।