अलवर

स्कूल आने को बेताब बेटी, भावुक होकर रोते हुए बोली, अब जिंदगी में छुट्टी नहीं करेंगे, प्रधानमंत्री से कहकर स्कूल खुलवा दो

एक बच्ची का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे अपनी शिक्षिका से स्कूल खुलवाने के लिए कह रही है।

2 min read
Oct 17, 2020
Alwar Student Demanding To Open Government School Video Viral
स्कूल आने को बेताब बेटी, भावुक होकर रोते हुए बोली, अब जिंदगी में छुट्टी नहीं करेंगे, प्रधानमंत्री से कहकर स्कूल खुलवा दो

अलवर. लॉक डाउन के कारण स्कूल बंद हुए छह माह से अधिक समय हो चुका है। ऐसे में बच्चों को अपने स्कूल और शिक्षकों की याद आने लगी है। सोशल मीडिया पर एक बालिका का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह अपनी शिक्षिका से स्कूल खुलवाने की गुजारिश कर रही है। बच्ची स्कूल आने को लेकर बेताब है।

अलवर जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नारेड़ा बहरोड़ में चौथी कक्षा की छात्रा रंजना शर्मा अपनी मां के साथ स्कूल आई थी। वहां छात्रा की मुलाकात शिक्षिका रेणु यादव से हुई। बालिका शिक्षिका से कह रही है मुझे आपकी और स्कूल की बहुत याद आती है। हमें स्कूल आना है, हम मास्क लगा कर आ जाएंगे। एक दिन भी छुट्टी नहीं करेंगे, मामा के घर भी नहीं जाएंगे, बस स्कूल खुलवा दो। बालिका कह रही है कि मेरा सन्देश प्रधानमंत्री को भेज दो। उनसे कहकर स्कूल खोल दो। शिक्षिका रेणु यादव का कहना है कि विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों से शिक्षिकाओं का खास लगाव है। इसलिए बालिका स्कूल को याद करते भावुक हो गई।

बच्चों को स्कूल जाने का इंतजार-

प्रदेश में लाखों की संख्या में ऐसे बच्चे हैं जो मार्च से अपने स्कूल नहीं जा सके हैं। सरकारी ही नहीं छोटे गैर सरकारी स्कूलो ंमें भी ऑन लाइन पढ़ाई की कोई सुविधा तक नहीं है। ऐसे में बच्चे आए दिन स्कूल जाने के लिए अभिभावकों के आगे रोते हैं कि हमें स्कूल जाना है, हमारे स्कूल क्यों बंद हैं?

जिला शिक्षा अधिकारी नेकीराम कहते हैं कि सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से पढऩे वाले बहुत से बच्चों को किताबें तो निशुल्क मिलती है और इसके साथ ही उन्हें कई भामाशाह व स्वयं सेवी संस्थाएं उन्हें कपड़े व जूते तक उपलब्ध करवाती है। उन्हें वहां अच्छा भोजन तैयार मिलता है। अब अभिभावक कहने लगे हैं कि हमारे बच्चे अब स्कूल जाने के लिए रोने लगे हैं।

Published on:
17 Oct 2020 07:55 pm