
थानागाजी थाना इलाके के लाहाकाबास गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने आबादी से करीब 400 मीटर दूर एक खेत के पास नाले में एक युवक का शव देखा। मृतक की पहचान लाहाकाबास (वार्ड नंबर 10) के रहने वाले 31 वर्षीय रोशन बलाई पुत्र राम सहाय के रूप में हुई है। रोशन पिछले दो दिनों से घर से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार को गांव का ही एक युवक जब अपने खेत की तरफ जा रहा था, तो उसे पास के नाले में कुछ अजीब हलचल दिखाई दी। जब उसने करीब जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। नाले के पास रोशन का शव पड़ा हुआ था और कई आवारा कुत्ते उसे से खींचकर रहे थे। कुत्तों ने शव को कई जगह से क्षत-विक्षत कर दिया था। डरे हुए ग्रामीण ने तुरंत शोर मचाकर गांव के बाकी लोगों को इकट्ठा किया और मामले की जानकारी थानागाजी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानागाजी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत हो चुके शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह शव करीब दो दिन पुराना है। दो दिन तक खुले खेत और नाले में पड़े रहने के कारण शव से तेज दुर्गंध उठने लगी थी, जिसके बाद आवारा कुत्तों ने उसे अपना निशाना बना लिया।
गांव के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक रोशन अत्यधिक शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि दो दिन पहले वह भारी नशे में था और संतुलन बिगड़ने के कारण अचानक गहरे नाले में जा गिरा। सिर में चोट लगने या बेहोशी की हालत में वह नाले से बाहर नहीं निकल पाया होगा और दम तोड़ने के कारण उसकी मौत हो गई।
इस मंजर को देखने के बाद से ही लाहाकाबास गांव में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं। जिस हालत में रोशन का शव मिला, उसे देखकर हर कोई हैरान है। उधर, मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानागाजी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।