1 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar News: सरस डेयरी के सामने नजर आएंगे नंदी, महिला चिकित्सालय में दिखेगा मां का दुलार

अलवर शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए 'वेस्ट टू आर्ट' (कचरे से कला) थीम के तहत शहर में कबाड़ और बेकार सामान से खूबसूरत प्रतिमाएं (स्टेच्यू) बनाई जा रही हैं। इन्हें जल्द ही सरस डेयरी और महिला अस्पताल के सामने लगाया जाएगा।
2 min read
Google source verification
waste to art

नंदी की प्रतिमा को अंतिम रूप देते मैकेनिक और मां के दुलार वाली प्रतिमा का डिजाइन (फोटो - पत्रिका)

Alwar News: जल्द ही आपको अलवर शहर की सड़कों पर एक बेहद खूबसूरत बदलाव देखने को मिलने वाला है। अलवर नगर निगम शहर के सौंदर्यीकरण को एक नए लेवल पर ले जा रहा है। अब शहर के प्रमुख चौराहों और रास्तों पर बेकार पड़े कबाड़ (वेस्ट मैटेरियल) से बनी शानदार मूर्तियां नजर आएंगी। इस पहल से न सिर्फ शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि लोगों को स्वच्छता का संदेश भी मिलेगा।

नगर निगम इस बार दो बेहद खास जगहों को नया लुक देने की तैयारी में है। पहली प्रतिमा अलवर सरस डेयरी के ठीक सामने लगाई जाएगी, जिसमें डेयरी की थीम को ध्यान में रखा गया है। सूचना केंद्र में तैयार हो रही इस प्रतिमा में नंदी (बैल), दूध की बाल्टी और घड़े को एक साथ बहुत ही कलात्मक ढंग से दिखाया गया है। यह पूरा स्टेच्यू लोहे और अन्य वेस्ट मैटेरियल से तैयार किया गया है, जो अब अपने अंतिम रूप में है।

महिला अस्पताल के बाहर दिखेगा मां का प्यार

वहीं दूसरी तरफ, शहर के महिला चिकित्सालय (महिला अस्पताल) के बाहर एक बेहद भावुक और सुंदर प्रतिमा लगाने की तैयारी है। इस स्टेच्यू का डिजाइन पूरी तरह तैयार हो चुका है। इसमें मां और बच्चे के अटूट प्रेम और दुलार को दर्शाया गया है। अस्पताल के सामने इस तरह की प्रतिमा का लगना वहां आने वाले लोगों को एक सकारात्मक अहसास कराएगा। स्वच्छ भारत मिशन के इंजीनियर राकेश मीणा ने बताया कि 'वेस्ट टू आर्ट' थीम पर सबसे बेहतरीन काम चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में हुआ है।

अब उसी तर्ज पर अलवर को भी सजाया जा रहा है। इससे पहले भी शहर के 11 अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर ऐसी कलाकृतियां लगाई जा चुकी हैं, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया है। इसी तरह अलवर मिनी सचिवालय परिसर में भारत के नक़्शे की प्रतिमा को भी बहुत ही आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

ये नई प्रतिमाएं अगले एक-दो दिनों में अपने तय स्थानों पर इंस्टॉल कर दी जाएंगी। ये स्टेच्यू इतने आकर्षक और मॉडर्न लुक वाले हैं कि यहां से गुजरने वाले लोग इनके साथ सेल्फी लिए बिना नहीं रह पाएंगे। नगर निगम की इस क्रिएटिव सोच से न केवल कचरे का सही इस्तेमाल हो रहा है, बल्कि अलवर की पहचान भी एक स्मार्ट और सुंदर शहर के रूप में निखर रही है।