1 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar News: अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश

अलवर जिले में मंगलवार दोपहर को झमाझम बारिश हुई। सुबह से ही पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश के बाद बड़ी राहत मिली है, जिससे पूरे शहर का मौसम सुहावना हो गया है।
2 min read
Google source verification
alwar weather

शहर में हुई बारिश (फोटो - पत्रिका)

अलवर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को मंगलवार दोपहर झमाझम बारिश से राहत मिली। सुबह आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली।

काले घने बादल छाने के साथ धूल भरी तेज हवाएं चलीं और इसके बाद मध्यम स्तर की बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की, वहीं किसानों ने भी बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया। बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव भी देखने को मिला।


इस अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उमस भरी चिपचिपी गर्मी से बेहाल लोग घरों से बाहर निकल आए और सुहावने मौसम का आनंद लिया। बच्चों ने बारिश में नहाकर जमकर मस्ती की। शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और बाजारों में ठंडी हवाएं चलने से लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिली है। किसानों के चेहरे पर भी इस बारिश को देखकर रौनक लौट आई है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा अलवर का मौसम?

मौसम विभाग की मानें तो अलवर और इसके आसपास के इलाकों में अगले 3 से 4 दिनों तक ऐसा ही सुहावना मौसम बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से जिले में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज रफ्तार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट भी जारी किया गया है।

सिर्फ अलवर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आने वाले एक हफ्ते के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में 'येलो' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कुछ जगहों पर अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। कुल मिलाकर लोगों को अब झुलसाने वाली गर्मी से पूरी तरह निजात मिलने वाली है और आने वाले दिन राहत भरे रहेंगे।