
रामगढ़ थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अरसद खान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अरसद का शव गुजरात (Gujarat) के मोरबी (Morbi) में एक नाले में मिला था। रविवार सुबह करीब 11 बजे उसका शव गांव पहुंचा तो रेलवे फाटक के पास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक के भाई अलादीन पुत्र समयसिंह ने रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, अरसद 17 अक्टूबर को गांव के ही जहूर खान पुत्र गफूर के साथ ट्रक पर हेल्पर के रूप में काम करने गुजरात गया था। जहूर के पास खुद का ट्रक है। अरसद के पास मोबाइल फोन नहीं था। ऐसे में परिवार के लोग जहूर को फोन कर उससे अरसद की बात करवाने के लिए कहते थे, लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था।
परिजनों के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे जहूर से फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि अरसद ट्रक से फरार हो गया है। उसके कपड़े ट्रक में ही रखे हुए हैं। यह सुनकर परिवार के लोग परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच 24 अक्टूबर को गुजरात के मोरबी के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। अरसद का पता नहीं चलने पर परिजन 26 अक्टूबर को मोरबी थाने पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि जहूर खान ने अरसद के नाम से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने नाले में मिले शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की हालत खराब होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। अगले दिन शरीर पर मौजूद निशानों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान अरसद के रूप में की। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया गया।
इस मामले में एक पुराना मामला भी सामने आया है। गांव की राजेंद्र कौर ने बताया कि करीब पांच साल पहले उनका बेटा राजा भी इसी परिवार के लोगों के साथ ट्रक पर खलासी का काम करने गया था, लेकिन आज तक उसका कोई पता नहीं चला। राजेंद्र कौर के परिजन भी अरसद के परिवार के साथ थाने पहुंचे।
अरसद के भाई ने जहूर खान पर हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दी है। घटना गुजरात में होने के कारण रामगढ़ पुलिस ने जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज कर संबंधित मोरबी पुलिस को भेज दी है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।