
Alwar Zila Parishad Election: अलवर जिला परिषद सदस्य के पिछले पांच चुनावों के नतीजे जिले की राजनीति में बदलते जनाधार की कहानी बयां कर रहे हैं। वर्ष 2005 से 2026 तक के चुनावों पर नजर डालें तो भाजपा और कांग्रेस के बीच सीटों का अंतर लगातार बदलता रहा है। वर्ष 2005 के जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 25 वार्डों में जीत हासिल कर बढ़त बनाई थी, जबकि भाजपा को 24 वार्डों में जीत मिली थीं। वर्ष 2010 में भी कांग्रेस ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए 26 वार्डों में जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा 23 वार्डों में सिमट गई थी।
वर्ष 2015 में चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई और भाजपा ने 49 में से 29 वार्डों में जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय जीता था। हालांकि क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस अपना जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रही थी। वर्ष 2021 के चुनाव में भाजपा 21 वार्डों में सिमट गई, जबकि कांग्रेस ने 24 वार्डों में जीत हासिल कर जिला परिषद में बहुमत हासिल किया था। चार सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।
अब 2026 के चुनाव में कांग्रेस ने 39 सीटों में से 33 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है, जबकि भाजपा केवल 4 सीटें जीत पाई। दो सीटों पर निर्दलीय विजयी हुए हैं। इस तरह जिला परिषद में भाजपा को नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने अपनी ताकत बढ़ाई है। लगातार गिरते जीत के आंकड़े भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका हैं। वर्ष 2026 का परिणाम साफ तौर पर पिछले 21 सालों में जिला परिषद चुनावों में भाजपा का सबसे खराब प्रदर्शन साबित हुआ है।
जिला परिषद के साथ पंचायत समिति चुनावों में भी भाजपा की स्थिति कमजोर हुई है। पिछले चुनाव में 16 पंचायत समितियों में से 5 में भाजपा ने अपने प्रधान बनाए थे। इस बार 11 पंचायत समितियों के चुनाव में भाजपा के पास एक में भी पूर्ण बहुमत नहीं है। हालांकि, कुछ पंचायत समितियों में अन्य दलों और निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से भाजपा प्रधान बनाने की कोशिश कर सकती है। इस तरह जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों के नतीजे भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति दिखा रहे हैं।