
अलवर। राजस्थान में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। अलवर जिला परिषद में बहुमत जुटाने के लिए दोनों दल अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस अपने सभी 33 जिला परिषद सदस्यों को सुरक्षित बता रही है, वहीं भाजपा ने 14 सदस्यों के समर्थन का दावा कर सियासी हलचल बढ़ा दी है। भाजपा का दावा है कि उसके साथ चार निर्वाचित सदस्य, दो निर्दलीय और आठ कांग्रेस खेमे के सदस्य हैं। पार्टी को उम्मीद है कि जिला प्रमुख चुनाव से पहले यह संख्या 17 से 18 तक पहुंच सकती है। भाजपा के दावे सही साबित हुए तो कांग्रेस के खेमे में बड़ी सेंधमारी मानी जाएगी।
भाजपा का दावा है कि कोलकाता के बाड़े में उसके चार जीते हुए जिला परिषद सदस्यों के अलावा कांग्रेस और निर्दलीय खेमे के सदस्य भी मौजूद हैं। पार्टी आठ कांग्रेस सदस्यों के समर्थन का दावा कर रही है। इसके अलावा दो निर्दलीय सदस्यों का साथ मिलने की बात भी कही जा रही है। इस तरह भाजपा फिलहाल 14 सदस्यों का समर्थन होने का दावा कर रही है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनाव से एक दिन पहले तक समर्थकों की संख्या 17 से 18 तक पहुंच सकती है। पार्टी का यह भी दावा है कि कुछ समर्थित सदस्य फिलहाल कांग्रेस के खेमे में हैं और उन्हें बाहर नहीं आने दिया जा रहा है, लेकिन मतदान के दौरान उनके वोट भाजपा के पक्ष में पड़ेंगे। हालांकि, इन दावों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने के लिए भाजपा दिल्ली में रणनीतिक बैठक करने वाली थी। इसमें केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव की भूमिका अहम मानी जा रही है। हालांकि, विदेश दौरे से उनके नहीं लौटने के कारण बैठक नहीं हो सकी। उनके 23 नवंबर तक लौटने की संभावना है। इसके बाद पार्टी की रणनीति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
दूसरी ओर कांग्रेस अपने खेमे को पूरी तरह सुरक्षित बता रही है। पार्टी का दावा है कि उसके सभी 33 जिला परिषद सदस्य साथ हैं। भाजपा की संभावित सेंधमारी की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने भी अपने बाड़े की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि सदस्यों को परिवार के लोगों से भी दिन में केवल एक बार फोन पर बात करने की अनुमति दी जा रही है।
अलवर जिला परिषद में कुल 39 सदस्य हैं। जिला प्रमुख का चुनाव जीतने के लिए 20 वोटों की जरूरत होगी। संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस फिलहाल मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। हालांकि, भाजपा के 14 सदस्यों के समर्थन के दावे ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि मतदान के दिन किस खेमे के दावे कितने सही साबित होते हैं और जिला प्रमुख की कुर्सी किसके हिस्से आती है।