
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर इलाके में देर रात खेत में ट्रैक्टर चला रहे युवक पर फायरिंग का प्रयास (Firing Attempt) किया गया। घटना श्यामपुरा ग्राम पंचायत की है। जानकारी के अनुसार, देर रात खेत जोतने का काम चल रहा था। ट्रैक्टर चालक भोलाराम खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और चालक को निशाना बनाकर फायरिंग का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान खेत मालिक कैलाश ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी के हाथ में मौजूद देसी कट्टे (Country-made Pistol) को पकड़ लिया। इससे दोबारा फायर होने से रुक गया और बड़ी वारदात टल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भी भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मोहर सिंह गुर्जर उर्फ मोहरिया निवासी कशु की ढाणी, श्यामपुरा और दीपक जाट निवासी जिलाला, ग्राम पंचायत श्यामपुरा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी मोहर सिंह गुर्जर उर्फ मोहरिया बानसूर थाने का हिस्ट्रीशीटर (History-sheeter) है। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध हथियार (Illegal Weapon) और दूसरे आरोपी के पास से एक कारतूस (Cartridge) बरामद हुआ है। घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए ग्रामीण भी थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि श्यामपुरा गांव में अवैध हथियार से फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। एक व्यक्ति के पास हथियार और दूसरे के पास कारतूस मिला है। उन्होंने बताया कि मौके पर फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी खेत में क्यों पहुंचे थे और ट्रैक्टर चालक भोलाराम को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। मामले की पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।