अलवर

Rajasthan: पहले पति का कराया बीमा… फिर प्रेमी के साथ मिलकर करा दी पति की हत्या, पुलिस का बड़ा खुलासा

राजस्थान के बहरोड़ से युवकी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाली पत्नी पर ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप लगा है। हत्या से पहले पति का बीमा कराने का भी मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 8:31 PM IST
alwar murder
Alwar Murder: आरोपी पत्नी रेखा सैनी और मृतक पति सतीश सैनी (फाइल फोटो-पत्रिका)

अलवर। बहरोड़ के बर्डोद में सड़क किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी ही शामिल थी। पत्नी ने पहले पति का एलआईसी में बीमा कराया और फिर अपने प्रेमी व उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को बाइक पर रखकर बर्डोद टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बर्डोद के लाडखानी मोहल्ला निवासी सतीश सैनी उर्फ लीलाराम के रूप में हुई थी। उसका शव 11 नवंबर को अलवर-बहरोड़ राजमार्ग पर वीरमती होटल के पास मिला था। सतीश मजदूरी और सेंट्रिंग का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी रेखा सैनी के बहरोड़ में हाईवे स्थित निजी वाहन गैराज संचालक राजेश उर्फ राजू मिस्त्री से कथित संबंध थे। पुलिस के अनुसार, सतीश उनके संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी के चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह। (फोटो-पत्रिका)

हरियाणा में वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, सतीश को हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित खानपुरा कृषि फार्म पर बुलाया गया था। यहां राजेश और उसका साथी समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम मौजूद थे। समशेर इसी फार्म पर काम करता था। आरोप है कि दोनों ने वहां सतीश पर हथौड़े से कई वार किए। इसके बाद उसे बाइक पर बीच में बैठाकर बर्डोद लाए और वीरमती होटल के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि वारदात को सड़क हादसा दिखाने और बीमा क्लेम हासिल करने की योजना थी।

60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुला राज

सदर थाना पुलिस ने सतीश के भाई मुकेश सैनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शव के सिर पर चोट के निशान और शरीर पर कड़बी के पत्ते मिलने से पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद घटनास्थल और आसपास के करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बाइक पर शव ले जाते दो संदिग्ध दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने राजेश उर्फ राजू मिस्त्री और समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

बानसूर में घर बनाकर रहती थी पत्नी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजेश ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका की पत्नी रेखा सैनी, प्रेमी राजेश उर्फ राजू मिस्त्री (34) निवासी पदमाड़ा खुर्द, थाना मुंडावर और समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम (27) निवासी फतेहगंज पूर्वी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रेखा बानसूर में मकान बनाकर रहती थी, जबकि सतीश बर्डोद में रहता था। मामले की जांच जारी है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
19 Nov 2026, 8:31 PM IST
Published on: