
Captain Hanuman Ram (photo-patrika
फलोदी। राजस्थान के फलोदी जिले के सुवाप गांव के वीर सपूत कैप्टन डॉ. हनुमान राम चौधरी मणिपुर में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। 29 वर्षीय कैप्टन हनुमान राम की शहादत की खबर मिलते ही उनके गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मणिपुर में बुधवार दोपहर सेना का बख्तरबंद वाहन अनियंत्रित होकर इटम नदी में गिर गया था। इस हादसे में कैप्टन हनुमान राम के साथ एक अन्य जवान की भी मौत हो गई, जबकि दो जवान घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कैप्टन हनुमान राम 8वीं बिहार रेजिमेंट में तैनात थे। बुधवार 18 नवंबर को रेजिमेंट के जवानों को लेकर जा रहा बख्तरबंद सैन्य वाहन मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में लामलाई थाना क्षेत्र के चैलो इलाके के पास इटम नदी में जा गिरा। हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। बताया गया कि वाहन कुछ समय तक नदी के पानी में डूबा रहा। इसके बाद बचाव दल ने वाहन में फंसे जवानों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
शहीद कैप्टन डॉ. हनुमानराम बेन्दा की पार्थिव देह शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बेन्दों की ढाणियों पहुंचेगी। उनके चाचा पुष्पेन्द्र बेन्दा के अनुसार, पार्थिव देह गुरुवार शाम विशेष सैन्य विमान से इंफाल से फलोदी एयरफोर्स स्टेशन लाई जाएगी। शुक्रवार सुबह 7 बजे फलोदी से अंतिम यात्रा सड़क मार्ग से रवाना होगी। यात्रा शैतान सिंह नगर, देणोक, मायलो की ढाणी स्कूल, छीत्तरबेरा स्थित शहीद शिवलाल स्मारक, आऊ, टेणानाडी, मुंडों की ढाणियां, राईकानाथ जी की समाधि और करणीधाम सुवाप होते हुए बेन्दों की ढाणियों पहुंचेगी।
रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीण और क्षेत्रवासी अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। परिजन के मुताबिक, कैप्टन हनुमानराम मेडिकल कवर ड्यूटी पूरी कर बख्तरबंद वाहन से यूनिट लौट रहे थे, तभी वाहन पहाड़ी से नीचे नदी में गिर गया। वे वाहन में पीछे बैठे थे। कैप्टन हनुमानराम करीब डेढ़ साल पहले ही सेना में डॉक्टर के पद पर भर्ती हुए थे।
हादसे में कैप्टन हनुमान राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल हुए सिपाही माली जयेश हिम्मत (24), सिपाही राकेश सरपाटे (37) और अग्निवीर अखिलेश कुमार शाह (19) को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सिपाही जयेश हिम्मत ने भी दम तोड़ दिया। अन्य दो घायल जवानों का उपचार जारी है।
कैप्टन हनुमान राम चौधरी फलोदी जिले की ग्राम पंचायत सुवाप के बेंदा गांव के निवासी थे। उनकी शहादत का समाचार मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार और ग्रामीणों के लिए यह खबर गहरा सदमा लेकर आई है। क्षेत्र के लोगों ने देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी है।
राजस्थान की कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कैप्टन हनुमान राम की शहादत पर दुख जताया। दोनों ने उन्हें मातृभूमि की सेवा में समर्पित वीर सपूत बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि उनका साहस, समर्पण और बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।
गुरुवार को मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इंफाल हवाई अड्डे के एयर कार्गो टर्मिनल पर आयोजित अंतिम विदाई समारोह में कैप्टन हनुमान राम और सिपाही जयेश हिम्मत को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के प्रति दोनों सैनिकों की सेवा को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। समारोह में सेना, असम राइफल्स, बीएसएफ और मणिपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
19 Nov 2026, 6:52 PM IST
Published on:
19 Nov 2026, 6:34 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़




