अलवर

बहरोड़ में कंटेनर में भीषण आग, LPG सिलेंडर धमाके से फटा

बहरोड़ के शिमला-श्यामपुर गांव में मंगलवार को ग्लोबल स्प्रीट फैक्ट्री के सामने खड़े कंटेनर के केबिन में अचानक भीषण आग (Container Fire) लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे केबिन को चपेट में ले लिया। इसी दौरान खाना बनाने के लिए रखा छोटा एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) तेज धमाके के साथ फट गया।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
behror container fire
कंटेनर में लगाई आग

बहरोड़ क्षेत्र के शिमला-श्यामपुर गांव में मंगलवार को ग्लोबल स्प्रीट फैक्ट्री के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद बॉडी कंटेनर (Container) के केबिन में अचानक आग (Fire) लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि पूरा केबिन लपटों से घिर गया। आग से उठते घने धुएं और तेज लपटों को देखकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार कंटेनर ग्लोबल स्प्रीट फैक्ट्री में चावल की भूसी (Rice Husk) लेकर आया था। फैक्ट्री परिसर में भूसी खाली करने के बाद चालक ने कंटेनर को कंपनी के सामने खड़ा कर दिया था। कुछ समय बाद कंटेनर के केबिन में अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया और पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।

केबिन में रखा था खाना बनाने का सिलेंडर

कंटेनर के केबिन में खाना बनाने के लिए छोटा एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG Gas Cylinder) भी रखा हुआ था। आग की चपेट में आने के बाद सिलेंडर गर्म हो गया और तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। अचानक हुए इस धमाके से मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

आग की लपटें देखकर आसपास के लोग और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हालांकि, आग तेजी से फैलती देखकर दमकल विभाग (Fire Brigade) को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही बहरोड़ नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

दमकल ने समय रहते आग पर पाया काबू

दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर काफी मशक्कत के बाद कंटेनर के केबिन में लगी आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास खड़े दूसरे वाहनों और क्षेत्र में आग फैलने से बड़ा हादसा टल गया। आग के कारण कंटेनर के केबिन को नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कंटेनर में आग लगने की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। आग शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) या किसी अन्य वजह से लगी, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।

Updated on:
06 Oct 2026 02:29 pm
Published on:
06 Oct 2026 02:29 pm